चतरा. सदर थाना क्षेत्र के संघरी घाटी में गुरुवार को वाहन की चपेट में आने से कोयला लोड बाइक सवार एक युवक की मौत हो गयी. मृतक की पहचान हजारीबाग जिला के बड़कागांव थाना क्षेत्र के सिवाडी गांव निवासी महेंद्र प्रसाद महतो (40) के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, महेंद्र एनटीपीसी क्षेत्र से बाइक पर कोयला लाद कर बेचने के लिए जा रहा था. इस दौरान संघरी घाटी में किसी वाहन ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत घटनास्थल पर ही हो गयी. घटना के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया. सूचना पाकर पुलिस पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. घटना की सूचना मिलने पर परिजन सदर अस्पताल पहुंचे, जहां शव देख दहाड़ मार कर रोने लगे. परिजनों ने जिला प्रशासन से मुआवजा की मांग की है.
संघरी घाटी में वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत
महेंद्र बाइक पर कोयला लाद कर बेचने के लिए जा रहा था.
