हादसा . गिद्धौर थाना क्षेत्र के ब्रहमपुर मोड़ हनुमान मंदिर के समीप सड़क हादसा गिद्धौर. थाना क्षेत्र के ब्रहमपुर मोड़ हनुमान मंदिर के समीप शुक्रवार सुबह बालू लदे ट्रैक्टर ने महिला को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे बारीसाखी के मायाडीह गांव निवासी खुशबू देवी (26), पति दिलीप रविदास की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. घटना से गुस्साये परिजन व ग्रामीणों ने चतरा-इटखोरी पथ जाम कर नारेबाजी शुरू कर दी. सड़क जाम सुबह नौ बजे से दोपहर तीन बजे तक रहा. इस दौरान सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गयी. सूचना मिलने पर सीओ अनंत सयनम विश्वकर्मा, पुलिस इंस्पेक्टर विपिन कुमार और थाना प्रभारी पुरुषोत्तम अग्निहोत्री मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने लोगों को समझाया-बुझाया. सीओ ने मृतका के पति को 50 हजार रुपये नकद और आपदा प्रबंधन से एक लाख रुपये दिलाने का आश्वासन दिया. इसके बाद लोग शांत हुए और जाम हटा लिया गया. पुलिस ने ट्रैक्टर को जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया है. शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया. अवैध बालू परिवहन की सूचना पर पुलिस ने पीछा किया : जानकारी के अनुसार, अवैध रूप से बालू लोड कर दो ट्रैक्टर चतरा की ओर जा रहे थे. इसकी सूचना मिलने पर पुलिस ने पीछा किया. इस दौरान एक ट्रैक्टर वापस इटखोरी की ओर भाग निकला, जबकि दूसरा ट्रैक्टर भी वाहन मोड़कर भागने का प्रयास करने लगा. इसी क्रम में ट्रैक्टर ने एक बाइक को चपेट में ले लिया, जिससे बाइक पर बैठी महिला की मौत हो गयी. वहीं, उनके पति दिलीप और बच्ची को मामूली चोट आयी है.बताया जाता है कि महिला अपने पति के साथ मायके से ससुराल लौट रही थी. ट्रैक्टर इटखोरी थाना क्षेत्र के हलमत्ता के जुगू गांव निवासी सकलदेव यादव का बताया जा रहा है.
पुलिस को देख भाग रहे ट्रैक्टर चालक ने महिला को रौंदा, मौत
गिद्धौर थाना क्षेत्र के ब्रहमपुर मोड़ हनुमान मंदिर के समीप सड़क हादसा
