चतरा. प्रतापपुर पुलिस ने दो किलो तीन सौ ग्राम गांजा के साथ तीन युवकों को गिरफ्तार किया है, जिसमें लिप्ता गांव निवासी मुरारी सिंह, प्रदीप सिंह व मथुरापुर गांव निवासी सुनील कुमार पाठक शामिल है. गिरफ्तार युवकों के पास से गांजा के अलावा एक बाइक (जेएच02-बीपी 8340) जब्त किया है. यह जानकारी एसडीपीओ संदीप सुमन ने सदर अनुमंडल कार्यालय स्थित अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित प्रेसवार्ता में दी. उन्होंने बताया कि सूचना मिली थी कि प्रतापपुर थाना क्षेत्र के घोरीघाट से कुछ युवक हुमाजांग की ओर एक बाइक से गांजा ले जाने वाले हैं. सूचना के आलोक में छापामारी टीम का गठन किया गया. टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उक्त पथ पर वाहन चेकिंग लगाया. इस दौरान बाइक पर सवार मुरारी व प्रदीप को पकड़ा गया. तलाशी में बोरा में रखा गांजा जब्त किया गया. पकड़े गये युवकों ने बताया कि सुनील पाठक के घर से खरीद कर ले जा रहे थे. इसके बाद सुनील को भी गिरफ्तार किया गया. तीनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जेल भेज दिया गया. एसडीपीओ ने बताया कि उक्त गांजा होली के अवसर पर क्षेत्र में खपाने की योजना थी. उन्होंने कहा कि नशा कारोबारियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा. छापामारी अभियान में प्रतापपुर अंचल अधिकारी विकास कुमार टुडू, पुलिस अवर निरीक्षक प्रेम कुमार सांगा, जुवैल गुड़िया, एएसआई दुर्गा चरण बिरूवा व कई जवान शामिल थे. प्रेस कांफ्रेंस के मौके पर प्रतापपुर थाना प्रभारी कासिम अंसारी उपस्थित थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
