प्रेम प्रसंग में युवक को किडनैप कर युवक की हत्या, तीन अपराधी गिरफ्तार

Chatra News: चतरा के लावालौंग थाना क्षेत्र में प्रेम प्रसंग में युवक गुड्डू मुंडा के अपहरण और हत्या मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. मुख्य आरोपी अब भी फरार है. पुलिस ने जंगल से शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. इससे जुड़ी खबर नीचे पढ़ें.

चतरा से दीनबंधू और धर्मेंद्र की रिपोर्ट

Chatra News: झारखंड के चतरा जिले के लावालौंग पुलिस ने प्रेम प्रसंग में युवक की अपहरण कर हत्या करने के मामले का खुलासा करते हुए तीन अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. हालांकि इस सनसनीखेज हत्याकांड का मुख्य आरोपी अब भी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है. गिरफ्तार आरोपियों में लावालौंग थाना क्षेत्र के लुटु गांव निवासी महेश गंझु, सोहावन गांव निवासी नितेश कुमार और जलमा गांव निवासी कमलेश कुमार शामिल हैं. वहीं हत्या का मुख्य आरोपी राकेश मुंडा अभी पुलिस की पकड़ से बाहर है. पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं. मामले की जानकारी एसडीपीओ नागरगोजे शुभम भाऊसाहेबने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी.

15 मई को दर्ज हुआ था अपहरण का मामला

एसडीपीओ ने बताया कि 15 मई 2026 को टुनगुन गांव निवासी संतोष मुंडा ने अपने पुत्र गुड्डू मुंडा के अपहरण को लेकर लावालौंग थाना में मामला दर्ज कराया था. इस संबंध में थाना कांड संख्या 29/26 के तहत बीएनएस की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई. मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया. टीम ने टुनगुन गांव और आसपास के क्षेत्रों में लोगों से पूछताछ शुरू की. साथ ही तकनीकी जांच और मोबाइल लोकेशन के आधार पर संदिग्ध लोगों की पहचान की गई.

प्रेम प्रसंग बना हत्या की वजह

जांच के दौरान पुलिस ने महेश गंझु को हिरासत में लेकर पूछताछ की. पूछताछ में उसने पूरे मामले का खुलासा कर दिया. महेश गंझु ने पुलिस को बताया कि मृतक गुड्डू मुंडा का गांव के ही राकेश मुंडा की मां रीता देवी के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था. इसी बात को लेकर राकेश मुंडा काफी नाराज था और उसने अपने दोस्तों के साथ मिलकर गुड्डू मुंडा की हत्या की साजिश रची. आरोप है कि 30 मार्च 2026 को राकेश मुंडा ने अपने साथियों के साथ मिलकर गुड्डू मुंडा को मंधनिया घाटी के पास चलती बस से उतार लिया. इसके बाद उसके साथ मारपीट की गई और उसे मंधनिया से हाहे जाने वाले जंगल क्षेत्र में ले जाया गया.

हत्या के बाद जंगल में दफनाया शव

पुलिस के अनुसार जंगल में ले जाकर आरोपियों ने गुड्डू मुंडा की हत्या कर दी. हत्या के बाद शव को जमीन में गाड़ दिया गया, ताकि घटना का खुलासा न हो सके. महेश गंझु की निशानदेही पर पुलिस ने मंधनिया-हाहे जंगल क्षेत्र से गुड्डू मुंडा का शव बरामद किया. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया. शव बरामद होने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. गांव में भी घटना को लेकर शोक और आक्रोश का माहौल है.

मुख्य आरोपी की तलाश में छापेमारी जारी

एसडीपीओ नागरगोजे शुभम भाउसाहेब ने बताया कि हत्या में शामिल तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. वहीं मुख्य आरोपी राकेश मुंडा की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. उन्होंने कहा कि जल्द ही मुख्य आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा. पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है.

इसे भी पढ़ें: गुमला की रायडीह पुलिस को मिली कामयाबी, डकैती की करने से पहले धरा गए 6 अपराधी

पुलिस टीम ने तकनीकी मदद से सुलझाया मामला

इस हत्याकांड के खुलासे में पुलिस की तकनीकी शाखा की भूमिका अहम रही. जांच टीम में लावालौंग थाना प्रभारी विधायक प्रसाद यादव, सब इंस्पेक्टर वाजिद अली, तकनीकी शाखा के सदस्य और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे. पुलिस अधिकारियों ने कहा कि अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और कानून के दायरे में लाकर सख्त कार्रवाई की जाएगी.

इसे भी पढ़ें: कराईकेला में नक्सलियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज, पुलिस टीम पर फायरिंग का आरोप

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: KumarVishwat Sen

कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >