एसपी ने की अफसरों व थानेदारों के साथ क्राइम मीटिंग

एसपी सुमित कुमार अग्रवाल ने गुरुवार को पुलिसलाइन स्थित कांफ्रेंस हॉल में क्राइम मीटिंग की.

चतरा. एसपी सुमित कुमार अग्रवाल ने गुरुवार को पुलिसलाइन स्थित कांफ्रेंस हॉल में क्राइम मीटिंग की. इसमें सभी एसडीपीओ, पुलिस निरीक्षक व थाना प्रभारी उपस्थित हुये. एसपी ने सभी से उनके क्षेत्र में होनेवाले कांडों की विस्तृत समीक्षा की. साथ ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिये. एसपी ने लंबित कांडो का अविलंब निष्पादन करने को कहा. साथ ही कहा कि कांडो के निष्पादन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी. उन्होंने मादक पदार्थ अफीम, ब्राउन शुगर व अन्य के खिलाफ लगातार कार्रवाई करने व एनडीपीएस एक्ट के 180 लंबित मामलों का अविलंब निष्पादन करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि पोस्ता की खेती का सीजन आनेवाला है. इससे पूर्व एनडीपीएस के सभी फरार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेजने को कहा. साथ ही पोस्ता (अफीम) की खेती से होनेवाले नुकसान व कानूनी कार्रवाई के प्रति जागरूक करने की बात कही. उन्होंने क्षेत्र में अपराध पर अंकुश लगाने, समय-समय पर वाहन चेकिंग अभियान चलाने और लोगों को हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित करने का निर्देश दिया. थानेदारों को लूट, डकैती, चोरी, छिनतई की घटनाओं का उद्भेदन करने का निर्देश दिया. थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित गश्ती करने, उग्रवादियों, असामाजिक तत्वों व अपराधियों पर नजर रखने को कहा. थाना दिवस का आयोजन कर आम जनता की शिकायतों का त्वरित निष्पादन करने को कहा. बैठक में चतरा एसडीपीओ संदीप सुमन, सिमरिया एसडीपीओ शुभम खंडेलवाल, टंडवा एसडीपीओ प्रभात रंजन बरवार, डीएसपी मुख्यालय अमिता लकड़ा के अलावा सभी पुलिस निरीक्षक, थाना प्रभारी व अन्य पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Anuj singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >