चतराः बभने स्थित लोयोला एकेडमी की ओर से गुरुवार को नशा मुक्ति जागरूकता रैली निकाली गयी. रैली के माध्यम से छात्र-छात्राओं ने लोगों को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवन अपनाने का संदेश दिया. रैली विद्यालय परिसर से शुरू होकर मुख्य डाकघर, गुदरी बाजार, केशरी चौक, पांचवां मुहल्ला, धंगरटोली और दर्जी बिगहा होते हुए पुनः विद्यालय परिसर पहुंची. इस दौरान छात्र-छात्राओं ने हाथों में नशा विरोधी संदेश लिखे पोस्टर और तख्तियां लेकर लोगों को जागरूक किया.
ये भी पढ़ें- औषधीय पौधों से सजा सिमडेगा कॉलेज, विद्यार्थियों ने पुरानी वस्तुओं से बनाए आकर्षक गमले
‘नशा छोड़ो, जीवन बचाओ’ के नारों से दिया संदेश
विद्यार्थियों ने ‘नशा छोड़ो, जीवन बचाओ’, ‘नशा मुक्त समाज, स्वस्थ समाज’ समेत विभिन्न नारों के माध्यम से लोगों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया. रैली का नेतृत्व विद्यालय की प्रिंसिपल सिस्टर मुक्ति ने किया. उन्होंने कहा कि नशे की लत व्यक्ति के साथ-साथ पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करती है. युवाओं को नशे से दूर रखकर ही स्वस्थ और बेहतर समाज का निर्माण किया जा सकता है. रैली में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं के अलावा विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं भी शामिल हुए. विद्यार्थियों ने रैली के माध्यम से लोगों से नशे की आदत छोड़ने और समाज को नशामुक्त बनाने में सहयोग करने की अपील की.
