पुलिस ने सूचना पर चलाया छापामारी अभियान चतरा. टंडवा पुलिस ने छापामारी अभियान चला कर लेवी के लिए धमकी देने व आगजनी की घटना को अंजाम देने के आरोपी जेजेएमपी के एक उग्रवादी को गिरफ्तार किया है. उसकी पहचान रवींद्र सिंह उर्फ रवींद्र सिंह खरवार के रूप में की गयी, जो लोहरदगा जिला के जोबांग थाना क्षेत्र के पहाड़गीर गांव का रहने वाला है. उसकी गिरफ्तारी पहाड़गीर गांव स्थित घर से की गयी. यह जानकारी डीएसपी मुख्यालय सुनील कुमार सिंह ने शुक्रवार को समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय कक्ष में प्रेस काॅन्फ्रेंस कर दी. उन्होंने बताया कि आम्रपाली कोल परियोजना में माइनिंग व ट्रांस्पोर्टिंग का कार्य कर रही एनसीसी लिमिटेड कंपनी के पदाधिकारी को कई दिनों से लेवी के लिए धमकी भरा कॉल टीएसपीसी व जेजेएमपी उग्रवादी संगठन के नाम से आ रहा था. 24 जनवरी 2026 को एनएसीसी कंपनी का वोल्वो ट्रक कोल उत्खनन का कार्य में लगा था. इसी दौरान रात में पांच अपराधी पहुंचे और सुपरवाइजर व ड्राइवर की लाठी डंडे से पिटाई की थी. साथ ही ट्रक के अगले हिस्से में पेट्रोल छिड़क कर आग लगा दी थी. घटनास्थल पर जेजेएमपी संगठन के शिव जी के नाम का पर्चा छोड़ा था, जिसमें लेवी नहीं देने पर अंजाम भुगतने की चेतावनी दी गयी थी. पुन: अगले दिन 25 जनवरी 2025 की सुबह एनसीसी कंपनी के पदाधिकारी को फोन पर जेजेएमपी संगठन के लीडर शिव जी के नाम से धमकी भरा फोन आया और लेवी की मांग की गयी थी. कांड उदभेदन के दौरान गुरुवार को पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी को सूचना मिली कि कांड का अप्राथमिकी अभियुक्त रवींद्र अपने घर आया हुआ है. छापामारी टीम का गठन कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया. छापामारी टीम में टंडवा थाना प्रभारी पप्पू कुमार शर्मा, एसआई सुनील सिंह व पुलिस के कई जवान शामिल थे.
लेवी के लिए धमकी व आगजनी मामले में जेजेएमपी उग्रवादी गिरफ्तार
पुलिस ने सूचना पर चलाया छापामारी अभियान
