हंटरगंज में भीषण सड़क हादसा, ट्रैक्टर टक्कर से 30 श्रद्धालु घायल, कई की हालत गंभीर

Hunterganj Road Accident: चतरा के हंटरगंज-शेरघाटी मुख्य मार्ग पर कडरुआ ढोड़ा पुल के पास ट्रैक्टर दुर्घटना में 30 श्रद्धालु घायल हो गए. जानें पूरी घटना, घायलों की स्थिति और राहत कार्य की जानकारी.

Hunterganj Road Accident: दीनबंधू/ मो कासिफ की रिपोर्ट: चतरा जिले के हंटरगंज-शेरघाटी मुख्य मार्ग पर स्थित कडरुआ ढोड़ा पुल के पास बुधवार शाम एक भीषण सड़क हादसा हुआ. इस दुर्घटना में महिला, पुरुष और बच्चे सहित करीब 30 श्रद्धालु घायल हो गए. सभी लोग एक ट्रैक्टर पर सवार होकर बिहार के शेरघाटी थाना क्षेत्र के उचिरवा गांव से कौलेश्वरी पहाड़ जा रहे थे. इसी दौरान पीछे से आ रहे एक खाली ट्रैक्टर ने श्रद्धालुओं से भरे ट्रैक्टर को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी तेज थी कि श्रद्धालुओं से भरा ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर गड्ढे में पलट गया.

कैसे हुआ हादसा?

हादसे के दौरान ट्रैक्टर पर सवार कई लोग झटके से दूर जा गिरे, जबकि कुछ लोग ट्रैक्टर के डाले के नीचे दब गए. मौके पर अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार सुनाई देने लगी. स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घायलों की मदद की और पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस एंबुलेंस के साथ घटनास्थल पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया.

घायलों का इलाज और स्थिति

सभी घायलों को एंबुलेंस और निजी वाहनों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. अस्पताल में बेड की कमी के कारण कई घायलों का इलाज जमीन पर ही करना पड़ा, जिससे वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया. करीब एक दर्जन लोगों की हालत गंभीर बताई गई, जिन्हें तुरंत बेहतर इलाज के लिए गया स्थित मगध मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया. अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद आगे के इलाज के लिए भेजा गया.

श्रद्धालु क्यों जा रहे थे कौलेश्वरी पहाड़?

जानकारी के अनुसार, श्रद्धालु शेरघाटी के उचिरवा गांव निवासी पाचू मांझी की पुत्री के मुंडन संस्कार में शामिल होने के लिए कौलेश्वरी पहाड़ जा रहे थे. इसी धार्मिक यात्रा के दौरान यह दर्दनाक हादसा हो गया.

घायलों की सूची और स्थिति

इस हादसे में साबुनी देवी, सुधिया देवी, मुन्नी देवी, शांति देवी, मिथिलेश मांझी, पर्वतीया देवी, मोहि मांझी, नितेश कुमार सिंह, राधिका कुमारी, पायल कुमारी, नंदनी कुमारी, मंजू देवी, रामाश्रय मांझी, राहुल कुमार, रंजन कुमार, मनोज मांझी सहित कई लोग घायल हुए हैं. अधिकांश घायलों के सिर और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं. कुछ घायलों की हालत चिंताजनक बनी हुई है और उनका इलाज जारी है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Saurabh Poddar

मैं सौरभ पोद्दार, पिछले लगभग 3 सालों से लाइफस्टाइल बीट पर लेखन कर रहा हूं. इस दौरान मैंने लाइफस्टाइल से जुड़े कई ऐसे विषयों को कवर किया है, जो न सिर्फ ट्रेंड में रहते हैं बल्कि आम पाठकों की रोजमर्रा की जिंदगी से भी सीधे जुड़े होते हैं. मेरी लेखनी का फोकस हमेशा सरल, यूजर-फ्रेंडली और भरोसेमंद भाषा में जानकारी देना रहा है, ताकि हर वर्ग का पाठक कंटेंट को आसानी से समझ सके. फैशन, हेल्थ, फिटनेस, ब्यूटी, रिलेशनशिप, ट्रैवल और सोशल ट्रेंड्स जैसे विषयों पर लिखना मुझे खास तौर पर पसंद है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >