हाथी ने बाइक सवार को कुचल कर मार डाला

घटना उस वक्त घटी, जब मनोज चतरा से काम कर बाइक से घर लौट रहे थे.

चतरा. सदर प्रखंड की सीमा पंचायत के मंजराही गांव के मनोज भुईयां (35) को सोमवार की देर शाम एक हाथी ने कुचल कर मार डाला. वहीं हाथी के हमले में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गये, जिसमें गांव के ही कामेश्वर भुईयां व विकास भुईयां शामिल है. घटना उस वक्त घटी, जब मनोज चतरा से काम कर बाइक से घर लौट रहे थे. इस दौरान चतरा-सिमरिया मुख्य पथ स्थित हफुआ करम मोड़ के पास एक हाथी आ धमका. जब तक वह कुछ समझ पाते, हाथी ने कुचल कर उन्हें मार डाला.साथ ही बाइक पर सवार दो अन्य लोगों को बुरी तरह घायल कर दिया. घायलों को सदर अस्पताल भेजा गया, जहां से रिम्स भेजा गया. बताया जा रहा है कि दोनों की स्थिति गंभीर बनी हुई है. घटना की जानकारी गांव वालों को मनोज के पीछे आ रहे एक अन्य बाइक सवार लोगों ने दी. सूचना पाकर परिजन व ग्रामीण वहां पहुंचे और मुआवजे की मांग को लेकर उक्त पथ को जाम कर दिया. इसकी सूचना पाकर थाना प्रभारी अवधेश सिंह दल बल के साथ पहुंचे और लोगों को समझा बुझाया और आपदा राहत के तहत मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया. इस आश्वासन के बाद जाम हटा लिया गया. जाम करीब एक घंटे तक रहा. पुलिस ने शव को सदर अस्पताल लाया. मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया. घटना से मनोज भुईयां की पत्नी व बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: DEEPESH KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >