स्कूली वाहन पलटने से आठ बच्चे घायल

औरूगेरूआ मार्ग स्थित झिकटिया जंगल की है घटना

: औरूगेरूआ मार्ग स्थित झिकटिया जंगल की है घटना हंटरगंज. औरूगेरूआ मार्ग स्थित झिकटिया जंगल में शनिवार को उत्कर्ष पब्लिक स्कूल नागर का स्कूली वाहन पलट गया, जिससे वाहन में सवार आठ छात्र-छात्राएं घायल हो गये. घायलों में ढेबो गांव निवासी अरविंद पासवान का पुत्र ऋतिक कुमार, पुत्री तमन्ना कुमारी, रामभरत यादव की पुत्री शिवानी कुमारी, धीरेंद्र गुप्ता का पुत्र कृष्णा गुप्ता, आदर्श गुप्ता, गुड्डू कुमार का पुत्र पीयूष कुमार, स्वीटी कुमारी, जितेंद्र यादव का पुत्र सत्यम कुमार शामिल हैं. ग्रामीणों के सहयोग से घायल बच्चों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां इलाज किया गया. गंभीर रूप से घायल ऋतिक कुमार को गया मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया. घटना में कई बच्चों के हाथ-पैर फ्रैक्चर हो गये हैं. घटना की सूचना पाकर पुलिस अवर निरीक्षक बहादुर सिंह दल बल के साथ वहां पहुंचे और मामले की जानकारी ली. क्या है मामला : जानकारी के अनुसार ढेबो गांव के देवनंदन यादव उर्फ मनसा यादव का सवारी वाहन विद्यालय में चलता है. वाहन को उनका भांजा चलाता है. हर रोज की तरह स्कूल छुट्टी होने के बाद बच्चों को वाहन में लेकर घर छोड़ने जा रहा था. इस दौरान अनियंत्रित होकर पलट गया. वाहन में 25-30 बच्चे सवार थे. घटना के बाद चालक फरार हो गया. घटना की सूचना पाकर बच्चे के परिजन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और अपने-अपने बच्चों की जानकारी ली. क्षमता से अधिक थे बच्चे : बताया गया कि स्कूली वाहन में क्षमता से अधिक बच्चे थे. इसी वाहन से चालक बच्चों को स्कूल लाने व घर पहुुंचाने का काम करता है. वाहन चालक अक्सर लापरवाही से वाहन चलाता है. अभिभावकों ने बताया कि इन दिनों लग्न में वाहन चालक बारात में अपने वाहन को ले जाते हैं, इसके बाद सुबह में बच्चों को लापरवाही से ढोते हैं. अभिभावकों ने घटना के लिए विद्यालय प्रबंधन को जिम्मेवार बताया है. अभिभावकों ने विद्यालय प्रबंधन से सुरक्षित बच्चों को स्कूल लाने व ले जाने की मांग की है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By DEEPESH KUMAR

DEEPESH KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >