सड़क दुर्घटना में महिला व बाइक चालक घायल
दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया,
हंटरगंज. प्रखंड के औरुगेरुआ गांव स्थित अकौना मोड़ पर रविवार की अहले सुबह तेज रफ्तार बाइक ने एक महिला को चपेट में लेते हुए दुर्घटनाग्रस्त हो गयी. इस घटना में गेरूआ गांव निवासी कंचन देवी (60) पति सुबेदार सिंह व बाइक चालक मैराग कुकुरमन गांव निवासी पिंटू कुमार घायल हाे गये. ग्रामीणों के सहयोग से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां महिला की स्थिति गंभीर देख गया मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया. जानकारी के अनुसार, महिला अपने घर से खेत की ओर जा रही थी. इस दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया.
महिला उत्पीड़न के विरुद्ध जागरूकता अभियान
चतरा. 90 दिवसीय आउटरीच कार्यक्रम के तहत रविवार को सदर प्रखंड के बरैनी चौक में महिला उत्पीड़न के विरुद्ध जागरूकता अभियान चलाया गया. अभियान जिला विधिक सेवा प्राधिकार के तत्वावधान में आयोजित किया गया. इस दौरान पीएलवी ने ग्रामीणों को महिला सम्मान, सुरक्षा व अधिकारों के प्रति जागरूक किया. महिलाओं के अधिकार, घरेलू हिंसा, दहेज प्रताड़ना व कानूनी सहायता से संबंधित जानकारी दी गयी. साथ ही सरकारी योजनाओं, नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100 के बारे में बताया गया. पीएलवी संतोष कुमार व लक्ष्मण कुमार ने कहा कि किसी भी प्रकार के उत्पीड़न होने पर महिलाएं निडर होकर कानूनी सहायता प्राप्त कर सकती हैं. मौके पर पीएलवी मोहम्मद सनाउल्लाह, संजय कुमार, किशोर प्रसाद यादव, मधुसूदन यादव समेत ग्रामीण उपस्थित थे.