हंटरगंज : सीआरपीएफ की 128 बटालियन का जवान प्रदीप कुमार पाल रविवार की अहले सुबह से गायब है. जवान डुमरिया उत्क्रमित मवि में बने कलस्टर में तैनात था. वह असम के गुवाहाटी का रहने वाला है. पाल को अन्य जवानों ने ड्यूटी के लिए सुबह तीन बजे जगाया. फिर वह तैयार होकर ड्यूटी पर भी गया.
जब कुछ देर के बाद दूसरा जवान वहां पहुंचा, तो पाल गायब मिला. काफी खोजबीन करने के दौरान कुछ दूरी पर स्थित खेत में राइफल व गोली का बैग मिला. इसके बाद आसपास के क्षेत्र में जवान की खोज की जा रही है. कंपनी के जवानों ने डुमरिया, धरधरा, कुब्बा आदि गांवों में जाकर ग्रामीणों से जवान के बारे में पूछताछ की, लेकिन कुछ पता नहीं चल पाया है. अचानक ड्यूटी से गायब हो जाने से अन्य जवान सकते में हैं. खबर लिखे जाने तक जवान का कुछ पता नहीं चल पाया था. इस संबंध में पूछे जाने पर कलस्टर प्रभारी हंटरगंज थाना के एएसआइ अनिल सिंह ने बताया कि गायब जवान की खोजबीन की जा रही है.
128 बटालियन के जवान 17 नवंबर को कलस्टर पर आये थे. उन्होंने बताया कि जवान प्रदीप कुमार पाल 22 नवंबर को छुट्टी से वापस आया था. इधर, एसपी अखिलेश बी वारियर ने बताया कि जवान के गायब होने की जानकारी नहीं दी गयी है.
मालूम हो कि डुमरिया उत्क्रमित मवि प्रखंड मुख्यालय से आठ किमी दूर हंटरगंज-डोभी पथ पर स्थित है.
