बंदगांव : पश्चिमी सिंहभूम जिले के बंदगांव-कोचांग मार्ग पर करकट्टा घाटी के पास अपराधियों ने युवक की सब्बल से गोदकर हत्या कर दी. हत्या के बाद हत्यारे सब्बल को युवक के गले में ही छोड़कर फरार हो गये. मृतक बंदगांव थाना की सवनिया पंचायत के अंगरिया गांव का रहने वाला था. घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने शव बरामद कर अनुमंडल अस्पताल पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
रविवार सुबह सड़क किनारे मिला शव
जानकारी के अनुसार रविवार सुबह करीब पांच बजे ग्रामीणों ने सड़क किनारे युवक का शव देखा. इसकी सूचना मुखिया करम सिंह मुंडरी को दी गयी. मुखिया ने तत्काल बंदगांव थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी. सूचना पर बंदगांव पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस ने शव की पहचान के लिए आसपास के ग्रामीणों और बंदगांव-कोचांग मार्ग से गुजर रहे राहगीरों से पूछताछ की. इसी दौरान पता चला कि मृतक बंदगांव थाना क्षेत्र की सवनिया पंचायत के अंगरिया गांव के बिरसा ओड़िया (35) के रूप में की गयी. इसके बाद पुलिस और मुखिया करम सिंह मुंडरी मृतक के गांव पहुंचे. परिजनों और ग्रामीणों को घटनास्थल पर बुलाया गया. वहां परिजनों ने शव की पहचान की.
ये भी पढ़ें : सुदिव्य कुमार सोनू का निधन: झारखंड में शोक की लहर
विवाहित था बिरसा ओड़िया
परिजनों के अनुसार बिरसा ओड़िया विवाहित था. पुलिस ने घटनास्थल के पास से मृतक की बाइक और अन्य सामान भी बरामद किया है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया. बंदगांव थाना प्रभारी पवन चौधरी ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गयी है. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है. हत्या के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है.
