सोनुआ : सोनुआ थाना क्षेत्र के बालजोड़ी गांव निवासी 35 वर्षीय युवक पूर्मी पुर्ती की शुक्रवार को नदी में मछली पकड़ने के दौरान डूबने से मौत हो गयी. घटना की सूचना मिलने पर सोनुआ पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से देर शाम नदी किनारे झाड़ियों में फंसे युवक के शव को बरामद किया. मृतक की पहचान बालजोड़ी गांव के नदीसाई निवासी पूर्मी पुर्ती (35), पिता स्वर्गीय बिरसा पुर्ती के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार पूर्मी पुर्ती शुक्रवार सुबह घर से पास की नदी में मछली पकड़ने गया था. इसी दौरान नदी की तेज धारा में वह बह गया और डूब गया.
दोपहर तक नहीं लौटा था घर
दोपहर तक युवक के घर नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई. इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी खोजबीन शुरू की. काफी तलाश के बाद युवक का शव नदी किनारे पानी के बीच झाड़ियों में फंसा हुआ दिखाई दिया. इसकी सूचना तत्काल सोनुआ थाना पुलिस को दी गयी.
सूचना पर पहुंची पुलिस
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से देर शाम शव को नदी से बाहर निकाला. घटना के बाद मृतक के परिजनों में शोक का माहौल है. पुलिस ने बताया कि शनिवार को शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल, चक्रधरपुर भेजा जायेगा. पुलिस घटना के संबंध में मृतक के परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ कर मामले की जांच में जुट गयी है.
