नोवामुंडी : पहले तांबे के बर्तन चमकाए, फिर बच्चों की चांदी की चेन साफ कर भरोसा जीता और जब महिला को यकीन हो गया तो गले की सोने की चेन भी साफ करने के लिए मांग ली. महिला ने भरोसा कर चेन दे दी. लेकिन, कुछ ही देर बाद जब फ्रिज से पैकेट निकाला गया तो उसमें सिर्फ पाउडर था... सोने की चेन गायब थी. तब तक दोनों युवक मोटरसाइकिल से फरार हो चुके थे. नोवामुंडी प्रखंड की महुदी पंचायत के बोकारो साइडिंग में बुधवार को ठगी का यह मामला सामने आया है. हालांकि, घटना को लेकर अब तक थाने में लिखित शिकायत या सूचना दिए जाने की जानकारी नहीं है.
पहले बर्तन साफ किए, फिर चांदी की चेन से जीता भरोसा
महिला इंदु दास के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 10 से 11 बजे के बीच दो युवक पल्सर मोटरसाइकिल से बोकारो साइडिंग पहुंचे. दोनों ने सोना-चांदी साफ करने वाले पाउडर की बात कहते हुए पहले तांबे के बर्तनों को साफ करके दिखाया. इसके बाद युवकों ने महिला की गोतनी के दोनों बच्चों के गले से चांदी की चेन उतरवाई. चेन को पाउडर से साफ करने के बाद प्लास्टिक में रखे पाउडर के अंदर डाल दिया. युवकों ने पैकेट को करीब 10 मिनट के लिए फ्रिज में रखने को कहा. करीब 10 मिनट बाद पैकेट निकाला गया तो चांदी की चेन चमकती हुई दिखाई दी. इसी से महिला को युवकों की बात पर भरोसा हो गया.
इसके बाद मांगी गले की सोने की चेन...
चांदी की चेन साफ होने का भरोसा दिलाने के बाद दोनों युवकों ने महिला के गले में पहनी सोने की चेन साफ करने के लिए मांगी. महिला ने बिना किसी शक के अपनी सोने की चेन उन्हें दे दी. युवकों ने सोने की चेन को भी पाउडर वाले पैकेट में डाल दिया और उसे 10 मिनट के लिए फ्रिज में रखने को कहा. साथ ही हिदायत दी कि पैकेट को किसी के सामने नहीं खोला जाए. यहीं से महिला को दोनों युवकों की गतिविधियों पर संदेह होने लगा.
पैकेट खुला तो अंदर सिर्फ पाउडर था
महिला ने अपनी गोतनी की मदद से फ्रिज से पैकेट निकलवाया और उसे खोलकर देखा. पैकेट के अंदर सोने की चेन नहीं थी. वहां सिर्फ पाउडर मिला. महिला को समझते देर नहीं लगी कि उसके साथ ठगी हो चुकी है. उसने शोर मचाया और आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी. लेकिन, तब तक दोनों युवक पल्सर मोटरसाइकिल से फरार हो चुके थे.
एक सप्ताह पहले भी आए थे दोनों युवक
महिला के मुताबिक, करीब एक सप्ताह पहले भी यही दोनों युवक इलाके में आए थे. उस समय उन्होंने सोना-चांदी साफ करने वाला पाउडर देने की बात कही थी. इसके बाद वहां से चले गए थे. इसके बाद दोनों दोबारा इलाके में पहुंचे और महिला को अपने झांसे में लेकर सोने की चेन लेकर फरार हो गए.
CCTV में दिखे संदिग्ध, लेकिन चेहरा और नंबर साफ नहीं
घटना के बाद परिवार और आसपास के लोगों ने इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली. लक्ष्मी निवास में लगे कैमरे की फुटेज में दोनों संदिग्ध युवक नजर आ रहे हैं. हालांकि, फुटेज स्पष्ट नहीं होने के कारण युवकों का चेहरा साफ दिखाई नहीं दे रहा है. उनकी पल्सर मोटरसाइकिल का नंबर भी स्पष्ट नहीं हो सका है. ऐसे में फिलहाल दोनों की पहचान करना मुश्किल बना हुआ है.
पहले भी सामने आ चुकी हैं ऐसी घटनाएं
सोना-चांदी साफ करने के नाम पर ठगी की घटनाएं इलाके में पहले भी सामने आती रही हैं. हाल ही में टाटा स्टील के टॉप गेम क्षेत्र में भी इसी तरीके से लाखों रुपये की ठगी की सूचना सामने आई थी. बड़ा जामदा क्षेत्र में भी इस तरह की घटना हो चुकी है.
अनजान लोगों के हाथ में आभूषण देना पड़ सकता है भारी
ऐसी घटनाओं को देखते हुए लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है. सोना-चांदी साफ करने के नाम पर घर पहुंचने वाले अनजान लोगों को अपने आभूषण किसी भी स्थिति में नहीं देने चाहिए. ऐसे लोगों को घर के अंदर बुलाने से भी बचना चाहिए. चांदी की चेन चमकती देखकर महिला को भरोसा हुआ, लेकिन उसी भरोसे की कीमत उसे सोने की चेन गंवाकर चुकानी पड़ी. थोड़ी सी सतर्कता इस तरह की ठगी से बचा सकती है.
