Chaibasa News : तेज रफ्तार बाइक पेड़ से टकरायी युवक की मौत, दो की हालत गंभीर

नोवामुंडी के कुंदरीझोर के पास हुई घटना, एक ही बाइक पर सवार थे तीनों

नोवामुंडी. जेटेया थाना क्षेत्र के लतार कुंदरीझोर गांव के पास शनिवार देर रात सड़क हादसे में युवक की मौत हो गयी, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गये. घायल की पहचान जेटेया थाना के हमसदा गांव निवासी दौन सिंह सिरका (19) के रूप में की गयी है, जबकि घायलों में आकाश सिरका (18) (गांव हमसदा) और सुंदर बोबोंगा (18) (गांव बड़ा पासेया) निवासी शामिल हैं. जानकारी के अनुसार शनिवार देर रात एक ही बाइक पर सवार होकर तीन युवक कहीं जा रहे थे. इसी दौरान लतार कुंदरीझोर गांव के पास बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे आम के पेड़ से जा टकराई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक चला रहे युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. घटना के बाद चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग जमा हुए और तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी. घटना की सूचना मिलते ही जेटेया थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची. पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से दोनों गंभीर रूप से घायल युवकों को तुरंत इलाज के लिए नोवामुंडी टाटा अस्पताल भेजा, जहां उनका इलाज जारी है. वहीं, पुलिस ने मृतक दौन सिंह सिरका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. जेटेया थाना प्रभारी बोअस मुंडु ने बताया कि तीनों युवक जेटेया थाना क्षेत्र के ही रहने वाले हैं.

मामूली मजाक बना जानलेवा युवक का गला रेतने की कोशिश

गुवा. किरीबुरु थाना क्षेत्र के मिलन चौक में 16 मई की देर शाम एक मामूली मजाक खूनी संघर्ष में बदल गया. मिलन चौक निवासी चंद्रमोहन गोप (32 वर्ष) पर करुआ बस्ती के कालू करुआ ने धारदार चाकू से जानलेवा हमला कर दिया. लहूलुहान हालत में युवक को तत्काल सेल, किरीबुरु अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की तत्परता से उसकी जान बच सकी. फिलहाल वह खतरे से बाहर है.

तमिल भाषा में बातचीत से भड़का विवाद:

पीड़ित चंद्रमोहन के अनुसार, वह मजदूरी कर लौटने के बाद एक दुकान पर सामान लेने गया था. वहां हाल ही में तमिलनाडु से लौटा आरोपी कालू करुआ तमिल भाषा में कुछ बोल रहा था. चंद्रमोहन ने इसे मजाक समझकर उसी लहजे में जवाब दे दिया. इस बात पर कालू अचानक गुस्से में आ गया और अपने पास रखे चाकू से चंद्रमोहन के गले पर जोरदार वार कर दिया, जिससे उसका गला आंशिक रूप से कट गया. इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. सूचना मिलते ही थाना प्रभारी रोहित कुमार ने अस्पताल पहुंचकर घायल का बयान दर्ज किया. पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी और चाकू की बरामदगी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है. इस घटना से इलाके में दहशत है और स्थानीय लोगों ने छोटी-छोटी बातों पर बढ़ती हिंसा पर चिंता जताते हुए आरोपी पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Atul pathak

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >