Chaibasa News : सर्दी का सितम, 90% घटे मॉर्निंग वाकर

पश्चिमी विक्षोभ के कारण ठंड 
में और बढ़ोतरी की संभावना

चाईबासा. पश्चिमी सिंहभूम में सर्दी का सितम शुरू हो गया. अहले सुबह से घना कुहासा छाया रहता है. शनिवार को चाईबासा का अधिकतम तापमान 23 डिग्री व न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. मौसम विभाग के अनुसार, अभी पश्चिमी विक्षोभ के कारण ठंड में और बढ़ोतरी की संभावना है. ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है. ठंड के कारण जुबिली तालाब पार्क में सुबह सैर करने वालों की संख्या करीब 90 फीसदी तक घट गयी है. पार्क के केयर टेकर मनीष गुप्ता ने बताया कि आम दिनों में जुबिली तालाब पार्क में नियमित रूप से 100 से 150 महिला-पुरुष सैर कराने आते हैं. शनिवार को घना कोहरा छाये रहने व शीत की वजह से करीब 10-12 लोग ही सैर-सपाटे व व्यायाम करने पहुंचे थे. लोगों की संख्या काफी कम होने के कारण जुबिली तालाब पार्क को सुबह सात बजे बंद कर देना पड़ा. आम दिनों में यह पार्क सुबह चार- पांच बजे खोल दिया जाता है, लेकिन शनिवार को कोहरा काफी होने के कारण पार्क सुबह 6:00 बजे खोला गया गया था. चाईबासा में बीते 24 घंटे में अधिकतम तापमान दो डिग्री सेल्सियस घट कर 23 डिग्री पर पहुंच गया.

विजिबिलिटी 20 फीट से कम सुबह-शाम सड़कों पर सन्नाटा

कोहरे के कारण विजिबिलिटी 20 फीट से कम हो गयी है. वाहनों की गति पर ब्रेक लग गया है. लाइट जलाकर चलना पड़ रहा है. कुहासा के बीच पछुआ हवा से कनकनी बढ़ गयी है. लोग चौक-चौराहों पर अलाव के भरोसे हैं. सुबह और शाम को बाजार व सड़कों पर सन्नाटा पसर जाता है. सुबह 12:00 बजे तक सड़क पर लोगों को वाहनों के हेड लाइट जलाकर चलते देखा गया. करीब 12:30 बजे से हल्की धूप निकली.

बीमार पड़ रहे लोग, रजाई से निकलने का नहीं कर रहा मन

ठंड का प्रकोप बढ़ने से बच्चे, बुजुर्ग, पशु व पक्षी भी ठिठुर रहे हैं. वहीं, लोग बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं. खासकर छोटे बच्चों में न्यूमोनिया, कोल्ड डायरिया, खांसी, सर्दी और बुखार का असर शुरू हो गया है. कनकनी के कारण बच्चे, बुजुर्ग और आम लोग घर में दुबके रहने को विवश रहे. लोग दिनभर पूरे शरीर को गर्म कपड़ों से ढंक कर रख रहे हैं. रजाई से निकलने का मन नहीं कर रहे हैं.

चक्रधरपुर में सीजन की सबसे कड़ाके की ठंड, पारा 8.6 डिग्री पहुंचा

चक्रधरपुर. चक्रधरपुर में शनिवार को मौसम ने अचानक करवट ली. पूरे क्षेत्र में इस साल की अब तक की सबसे अधिक ठंड दर्ज की गई. दिनभर सूरज के दर्शन नहीं हुए. इससे ठंड का असर और बढ़ गया. सुबह से ही आसमान में कुहासा छाया रहा. इससे जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित रहा. शनिवार सुबह करीब 8 बजे तक हालात ऐसे रहे कि आसपास की चीजें साफ दिखाई नहीं दे रही थीं. घना कोहरा और ठंडी हवाओं के कारण लोगों को आवाजाही में काफी परेशानी हुई. सुबह 9 बजे के बाद धीरे-धीरे कुहासा छटा. पर दिन भर धूप नहीं निकली. मौसम विभाग के अनुसार शनिवार सुबह न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इस मौसम का अब तक का सबसे कम तापमान रहा. वहीं दिन के समय अधिकतम तापमान 15 से 18 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहा. इससे पूरे दिन ठंड का एहसास बना रहा.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: ATUL PATHAK

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >