Chaibasa News : अवैध संबंध के शक में पत्नी की लाठी से पीट-पीटकर हत्या, आरोपी पति गिरफ्तार

बंदगांव. टेबो थाना के चाकोमटोंनांग गांव की घटना

बंदगांव. पश्चिमी सिंहभूम जिले के टेबो थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चाकोमटोंनांग बुरुटोला में दिल दहला देने वाली घटना सामने आयी है. यहां अवैध संबंध के शक में एक पति ने अपनी ही पत्नी की लाठी से पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.

शक के कारण उजड़ा घर:

प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आयी है कि आरोपी बिरसा कोंद को शक था कि उसकी पत्नी का किसी अन्य व्यक्ति के साथ अवैध संबंध है. इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होते रहता था. 1 मई को विवाद इतना बढ़ा कि गुस्से में आकर बिरसा ने लाठी से पत्नी पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गयी. पुलिस अधीक्षक अमित रेनू के निर्देश पर चक्रधरपुर एसडीपीओ के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई. पुलिस ने छापेमारी कर आरोपी बिरसा कोंद को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गयी लाठी को भी बरामद कर लिया है. इस कार्रवाई में चक्रधरपुर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी डॉ सैयद मुस्तफा हाशमी, टेबो थाना प्रभारी सुशील मरांडी, पुअनि दुबराज हेम्ब्रम, हवलदार अर्जुन उरांव और सिपाही चैतु भगत, संदीप लकड़ा व चिंता बोदरा शामिल थे.

क्या है पूरा मामला?

पुलिस को 1 मई को सूचना मिली कि बिरसा कोंद उर्फ जोटो (30 वर्ष) ने अपनी पत्नी अंजला बैंसा (25 वर्ष) की हत्या कर दी है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम गांव पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल भेज दिया. मृतका की रिश्तेदार सलमी कंडुलना के बयान पर टेबो थाना में कांड संख्या-06/2026 दर्ज किया गया है. आरोपी पर भारतीय न्याय संहिता-2023 की धारा-103(1) के तहत मामला दर्ज हुआ है.

एनडीपीएस एक्ट का वारंटी खूंटी से गिरफ्तार

बंदगांव.

बंदगांव पुलिस ने नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान में एक बड़ी सफलता हासिल की है. पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज एक मामले में लंबे समय से फरार चल रहे वारंटी भैरो मुंडा को शनिवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. गिरफ्तार अभियुक्त भैरो मुंडा (25) खूंटी के मरांगहादा थाना के सिरुम गांव का रहने वाला है. उसके विरुद्ध बंदगांव थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज था. वह पिछले काफी समय से गिरफ्तारी से बचने के लिए फरार था. बंदगांव पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की. पुलिस टीम ने जाल बिछाकर उसे उसके पैतृक आवास क्षेत्र से गिरफ्तार किया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By ATUL PATHAK

ATUL PATHAK is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >