Chaibasa News : सुई-धागा रेस में स्टेला सेलबम व रानी फरहत बनीं विजेता

मेघाहातुबुरू केंद्रीय विद्यालय में अंतराष्ट्रीय महिला दिवस का आयोजन

गुवा. मेघाहातुबुरु केंद्रीय विद्यालय में शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि महिला समिति की अध्यक्ष स्टेला सेलबम, प्रशस्ति नायक, प्राचार्य डॉ. आशीष कुमार ने केक काटकर एक-दूसरे को खिलाया और महिला सशक्तीकरण का संदेश दिया. सभी शिक्षिकाओं और महिला सहयोगी स्टाफ को उपहार, ग्रीटिंग कार्ड और गुलाब फूल भेंट कर सम्मानित किया गया. महिलाओं और शिक्षकों के लिए विशेष क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. महिलाओं के लिए सुई-धागा प्रतियोगिता भी रखी गयी, जिसमें स्टेला सेलबम और रानी फरहत विजेता रहीं. सभी विजेताओं को पुरस्कृत किया गया.

विज्ञान, तकनीक व राष्ट्र-सेवा में अपनी पहचान बना रहीं महिलाएं

कार्यक्रम में स्टेला सेलबम ने कहा कि जिस देश में महिलाओं को पुरुषों के समान अधिकार और अवसर मिलते हैं, वह देश विकास की ऊंचाइयों को छूता है. केंद्रीय विद्यालय की शिक्षिकाएं दूरस्थ सारंडा जंगल क्षेत्र में आकर ट्राइबल और अन्य बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान कर समाज निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं. महिलाएं विज्ञान, तकनीक, शिक्षा और राष्ट्र-सेवा सहित सभी क्षेत्रों में अपनी पहचान बना रही हैं. हालांकि, कुछ क्षेत्रों में अभी भी महिलाओं की सक्रियता अपेक्षाकृत कम है, लेकिन धीरे-धीरे बदलाव आ रहा है. महिलाओं को पुरुषों के बराबर माना जाना चाहिए, क्योंकि वे अपने कार्यस्थल की जिम्मेदारियों के साथ-साथ परिवार को भी संभालती हैं.

महिलाओं की भागीदारी के बिना समाज का विकास संभव नहीं : प्राचार्य

प्राचार्य डॉ आशीष कुमार ने कहा कि हमारा देश, समाज और परिवार तब तक प्रगति नहीं कर सकता जब तक कि महिलाओं का पूर्ण रूप से विकास न हो. आज हम आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की बात कर रहे हैं, लेकिन महिलाओं को अब भी अपने अधिकारों, समानता और मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है. उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि घर से ही समानता का पाठ शुरू होना चाहिए. समाज को यह स्वीकार करना होगा कि महिलाओं की भागीदारी के बिना किसी भी क्षेत्र में संपूर्ण विकास संभव नहीं है. प्रशस्ति नायक ने महिलाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश के विकास में महिलाओं की भागीदारी अनिवार्य है.

कार्यक्रम में ये थे उपस्थित

कार्यक्रम में राई बानरा, सरिता गोंड, स्वाति कुमारी, निधि, तनुश्री प्रधान, कंचन शर्मा, रीता सिंह, आशा माधुरी मरांडी, मोनी कुमारी, रानी फरहत, सजदा परवीन, अंजू कुमारी, संगीता सीट, यशमति हेम्ब्रम, दीपक कुमार, मणि हर्ष दुबे, विनय गौर, सुजीत कुमार, अंशुल सिरोही, अभिजीत कौशल व उपेंद्र श्रीवास्तव सहित कई शिक्षक-शिक्षिकाएं भी उपस्थित थीं.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >