मझगांव.
मझगांव विधानसभा क्षेत्र की बदहाल शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग पर शनिवार को ””””बाल अधिकार सुरक्षा मंच”””” ने कुमारडुंगी प्रखंड कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया. इस दौरान मंच के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री के नाम प्रखंड विकास पदाधिकारी रवि नंदन उरांव को एक मांग पत्र सौंपा. मझगांव और कुमारडुंगी के पंचायत जनप्रतिनिधियों के नेतृत्व में करीब 300 लोगों ने पेट्रोल पंप से प्रखंड मुख्यालय तक पैदल मार्च निकाला. वक्ताओं ने बताया कि क्षेत्र के 30% स्कूलों में शौचालय नहीं हैं. 25% स्कूलों में पेयजल की भारी किल्लत है. शिक्षकों की कमी और स्कूलों की घेराबंदी न होने से बच्चों के भविष्य और सुरक्षा पर संकट मंडरा रहा है.
जिला अध्यक्ष हरिन तामसोय और जिप सदस्य माधव कुंकल ने कहा कि भौगोलिक विषमताओं के कारण छात्र पहले ही ड्रॉपआउट की समस्या झेल रहे हैं. जनप्रतिनिधियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द ही शिक्षकों की बहाली और बुनियादी ढांचे में सुधार नहीं किया, तो इस आंदोलन को उग्र कर विधानसभा स्तर तक ले जाया जाएगा. इस मौके पर मुखिया लक्ष्मी पिंगुवा, घनश्याम जेराई, मुखिया सोनासिंह पिंगुवा, मुखिया प्रताप, मुखिया चांदमनी बिरुवा, मुखिया चंद्रभूषण पिंगुवा, मुखिया विवेकानंद पुरती, मुखिया निरंजन गौड़, मुखिया लक्ष्मी पिंगुवा, पंपस सरोज बिरुवा, देवराज चातार, प्रदीप हेंब्रम आदि उपस्थित थे.
