मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत रेलवे कॉलोनी के समीप रविवार को चटाई में लिपटा एक व्यक्ति का सड़ा-गला शव मिला. सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह स्थानीय ग्रामीण जब शौच के लिए खेत की ओर जा रहे थे, तभी रास्ते में उन्हें चटाई में लिपटा हुआ एक शव दिखा. शव से काफी तेज दुर्गंध आ रही थी. ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना रेलवे कॉलोनी के निवासियों को दी, लेकिन काफी प्रयास के बाद भी स्थानीय स्तर पर शव की शिनाख्त नहीं हो सकी.पुलिस के शुरुआती अनुमान के मुताबिक, उक्त व्यक्ति की करीब दो से तीन दिन पहले किसी अन्य जगह पर हत्या की गयी है. इसके बाद साक्ष्य छुपाने की नीयत से शव को चटाई में लपेटकर यहां सुनसान जगह पर फेंक दिया गया. मुफस्सिल और रेलवे पुलिस की संयुक्त टीम मामले की छानबीन और मृतक की पहचान करने में जुट गयी है.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.