अफवाहों व भ्रामक सूचनाओं पर रखें विशेष निगरानी : डीसी

चाईबासा में ईद-ए-मिलाद को लेकर प्रशासन अलर्ट। डीसी और एसपी ने शांतिपूर्ण त्योहार मनाने और सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचनाओं पर निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं।

चाईबासा : उपायुक्त मनीष कुमार एवं पुलिस अधीक्षक अमित रेणु की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आगामी 26 अगस्त को ईद-ए-मिलाद (मिलाद-उन-नबी) पर्व के मद्देनजर जिले में बेहतर विधि व्यवस्था संधारण एवं शांतिपूर्ण वातावरण में त्योहार संपन्न कराने को लेकर बैठक की गयी. बैठक में जिले के वरीय पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी, जिला स्तरीय पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी एवं थाना प्रभारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी जुड़े. इस दौरान उपायुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को पर्व के दौरान शांति, सौहार्द एवं आपसी भाईचारा बनाए रखने के लिए पूरी तत्परता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया. उन्होंने संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील क्षेत्रों को चिह्नित करते हुए वहां विशेष निगरानी रखने तथा आवश्यकता के अनुरूप दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.

जारी दिशा-निर्देशों का करें अनुपालन

उपायुक्त ने निर्देश दिया कि जुलूस एवं अन्य धार्मिक कार्यक्रमों के दौरान निर्धारित मार्ग, समय एवं प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित कराया जाये. जुलूस मार्ग का पूर्व निरीक्षण करते हुए सड़क, बिजली, पेयजल, यातायात एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने तथा किसी भी प्रकार की बाधा की स्थिति में त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया. उन्होंने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचल अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में शांति समिति की बैठक आयोजित कर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं दोनों समुदायों के प्रबुद्ध लोगों के साथ समन्वय स्थापित करने को कहा. साथ ही, अफवाहों एवं भ्रामक सूचनाओं पर विशेष निगरानी रखते हुए किसी भी आपत्तिजनक या भड़काऊ गतिविधि की सूचना प्राप्त होने पर तत्काल वरीय पदाधिकारियों को अवगत कराने का निर्देश दिया.

संवेदनशील स्थलों पर रखें विशेष निगरानी : एसपी

पुलिस अधीक्षक अमित रेणु ने सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों में सघन गश्ती, प्रभावी पेट्रोलिंग एवं संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित होने वाली भ्रामक, आपत्तिजनक अथवा साम्प्रदायिक सौहार्द्र बिगाड़ने वाली सामग्री पर विशेष नजर रखी जाये.

पर्याप्त पुलिस बल की होगी तैनाती

पुलिस अधीक्षक ने जुलूस एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने, प्रमुख चौक-चौराहों एवं संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती तथा आवश्यकता पड़ने पर त्वरित प्रतिक्रिया दल को सक्रिय रखने का निर्देश दिया. उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को स्थानीय आयोजकों के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखने एवं किसी भी अप्रिय स्थिति की संभावना को प्रारंभिक स्तर पर ही नियंत्रित करने को कहा.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By सुनील कुमार सिन्हा

सुनील कुमार सिन्हा वर्ष 1998 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्हें विशेष रूप से रेल एवं अन्य समसामयिक खबरों की रिपोर्टिंग में विशेषज्ञता प्राप्त है. उन्होंने स्नातक (ग्रेजुएशन) की शिक्षा प्राप्त की है. अपने लंबे अनुभव, निष्पक्ष दृष्टिकोण और तथ्यपरक रिपोर्टिंग के माध्यम से उन्होंने पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी एक विश्वसनीय पहचान बनाई है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >