मनोहरपुर : मनोहरपुर प्रखंड की चिरिया पंचायत के टिमरा गांव में सांप काटने से टापू पूर्ति (39) की मौत हो गयी. घटना शुक्रवार रात की है, जब वह अपने घर में जमीन पर सोया हुआ था. इसी दौरान शनिवार तड़के करीब 3 बजे एक जहरीले सांप ने उसे काट लिया. इससे उसकी तबीयत बिगड़ने लगी. सांप काटने के बाद परिजन तुरंत अस्पताल जाने के बजाय घर पर ही झाड़-फूंक के जरिए उसका इलाज कराने लगे.
तबीयत बिगड़ने पर ले गए अस्पताल, लेकिन शरीर में फैल चुका था जहर
दोपहर होने तक जब उसकी तबीयत अधिक बिगड़ गयी तब परिजन दोपहर 12 बजे के बाद उसे इलाज के लिए मनोहरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे. अस्पताल में डॉक्टरों ने उसका इलाज तुरंत शुरू किया. लेकिन, कुछ ही देर बाद उसकी मौत हो गयी. इलाज करने वाले चिकित्सक ने बताया - मरीज को अंतिम समय में अस्पताल लाया गया था. इस कारण पूरे शरीर में जहर फैल चुका था. डॉक्टर ने बताया - तमाम कोशिशों के बावजूद उसे बचाया नहीं जा सका. मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
