चाईबासा. चाईबासा-चक्रधरपुर मुख्य मार्ग पर एस मोड़ के पास मैक्स वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत हो गयी. मृतक की पहचान मुफस्सिल थाना के अरगुंडी गांव निवासी रवि सिंह जामुदा (24) के रूप में की गयी है. घटना सोमवार शाम की है. लोगों ने बताया कि बाइक सवार रवि सिंह अपने रिश्तेदार के घर जा रहा था. इसी दौरान एस मोड़ के पास मैक्स वाहन में हैंडिल टकराने से वह अनियंत्रित होकर वाहन के नीचे चला गया. इससे उसके ऊपर चक्का चढ़ गया. चालक वाहन को तेजी से चलाते हुए वहां से फरार हो गया. घायलावस्था में युवक को अनुमंडल अस्पताल चक्रधरपुर ले जाया गया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी स्थिति गंभीर होने पर चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया. रास्ते में उसकी मौत हो गयी. सदर अस्पताल के चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है.
मैक्स वाहन के चालक पर मामला दर्ज
इधर, घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजा की मांग को लेकर मंगलवार सुबह सड़क जाम कर दिया. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन और अंचलाधिकारी घटना स्थल के पास पहुंचे. ग्रामीणों को समझा-बुझाकर जाम हटाया. मुआवजा के रूप में तत्काल 10 हजार रुपये दिया गया. मृतक के पिता के बयान पर मुफ्फसिल थाना में मैक्स वाहन के चालक पर तेजी और लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कराया गया है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
