बंदगांव-आयुष्मान आरोग्य मन्दिर, लण्डूपदा के तत्वावधान में स्वास्थ्य विभाग द्वारा मलेरिया उन्मूलन अभियान के तहत जन जागरूकता रैली का आयोजन किया गया. रैली का उद्देश्य ग्रामीणों को मलेरिया से बचाव, समय पर जांच तथा उपचार के प्रति जागरूक करना था.रैली में पंचायत के मुखिया कुश पूर्ति, ग्राम मुंडा श्यामघन प्रधान, सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारी , पुष्पांजलि कुमारी, एएनएम प्रियंका कुमारी, शीला हेंब्रम सहित स्वास्थ्य विभाग के कर्मियों एवं ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया.
इस अवसर पर CHO सीएचओ पुष्पांजलि कुमारी ने कहा कि मलेरिया की रोकथाम में समुदाय की सक्रिय भागीदारी सबसे महत्वपूर्ण है. उन्होंने लोगों से अपने घरों और आसपास साफ-सफाई बनाए रखने, मच्छरदानी का नियमित उपयोग करने तथा बुखार होने पर तुरंत जांच कराने की अपील की.
रैली के दौरान स्वास्थ्यकर्मियों ने गांव के विभिन्न मोहल्लों में जाकर लोगों को मच्छरों के प्रजनन को रोकने के लिए घरों के आसपास पानी जमा नहीं होने देने, पूरी बांह के कपड़े पहनने तथा मलेरिया के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत स्वास्थ्य केंद्र पहुंचने का संदेश दिया.
मुखिया कुश पूर्ति ने बताया कि आयुष्मान आरोग्य मन्दिर, लण्डूपदा में मलेरिया की जांच एवं उपचार की सुविधा पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध है. कहा कि मलेरिया जैसी बीमारी से बचाव केवल स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज की सहभागिता से ही इसे जड़ से समाप्त किया जा सकता है.
उन्होंने ग्रामीणों से स्वास्थ्य विभाग द्वारा दिए जा रहे निर्देशों का पालन करने और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने की अपील की.रैली में ग्राम मुंडा श्यामघन प्रधान,एमपीडब्ल्यू अनंत नंदा, सुमित महतो, अनूप महतो, भीम पूर्ति, ऋतिक बोदरा, सहिया रंभा देवी, बीटीटी खिरोदा महतो, सिद्धेश्वरी बारीक, भारती देवी सहित कई स्वास्थ्यकर्मी एवं ग्रामीण उपस्थित थे.
