प्रतिनिधि,चक्रधरपुर
चक्रधरपुर रेलमंडल के विभिन्न विभागों में कार्यरत 47 रेलकर्मी बुधवार, 31 दिसंबर को सेवा पूर्ण कर सेवानिवृत्त हुए. इस अवसर पर महात्मा गांधी सभागार में आयोजित विदाई समारोह में उन्हें सम्मानित किया गया. कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मंडल रेल प्रबंधक तरुण हुरिया ने सभी रेलकर्मियों को पेंशन पेमेंट ऑर्डर (पीपीओ) पुस्तिका, मेडिकल कार्ड, सेवा मेडल व सम्मानित उपहार प्रदान किये. डीआरएम हुरिया ने रेलकर्मियों को साइबर ठगी से सतर्क रहने की सलाह दी. कहा कि कुछ सेवानिवृत्त कर्मचारी हाल ही में ठगी के शिकार हुए हैं, इसलिए बैंकिंग कार्य के लिए अलग मोबाइल रखें और किसी से भी ओटीपी या निजी जानकारी साझा न करें.
वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी डॉ. ऋषभ सिन्हा ने सेवानिवृत्त कर्मियों की उत्कृष्ट सेवाओं की सराहना की. वहीं मंडल कार्मिक अधिकारी अमरेंद्र कुमार मिश्रा ने कहा कि जिन कर्मचारियों ने आवास या अन्य बकाया का निपटारा नहीं किया है, उनके डीसीआरजी भुगतान रोक दिये गये हैं. स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राकेश तंडी ने उम्र से जुड़ी बीमारियों के प्रति सचेत रहने और नियमित व्यायाम की सलाह दी. इस अवसर पर विभिन्न विभागों के कुल 47 कर्मचारी सेवानिवृत्त हुए, जिनमें इंजीनियरिंग विभाग के 18, यांत्रिक के 9, परिचालन के 6, विद्युत के 5 और अन्य विभागों के कर्मचारी शामिल हैं.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
