चाईबासा : छात्राओं और विद्यालय कर्मियों को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक करने तथा आपात स्थिति में त्वरित एवं सुरक्षित बचाव के उद्देश्य से कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, चाईबासा में मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया. मॉक ड्रिल के दौरान विद्यालय की छात्राओं एवं कर्मियों को आग लगने की स्थिति में बरती जाने वाली सावधानियों, सुरक्षित निकासी, आपातकालीन स्थिति में बचाव के उपाय तथा आग पर नियंत्रण पाने से संबंधित आवश्यक जानकारी दी गयी.
अग्निशमन उपकरणों के सुरक्षित उपयोग की दी जानकारी
इस दौरान अग्निशमन उपकरणों के सही एवं सुरक्षित उपयोग के संबंध में भी व्यावहारिक जानकारी प्रदान की गयी. संबंधित कर्मियों द्वारा अग्निशमन उपकरणों के संचालन की प्रक्रिया समझाई गयी. आपात स्थिति में बिना घबराए निर्धारित सुरक्षा उपायों का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया. मॉक ड्रिल के माध्यम से छात्राओं एवं विद्यालय कर्मियों को अग्निकांड जैसी आपात स्थिति में सतर्कता, त्वरित प्रतिक्रिया एवं सुरक्षित बचाव के महत्व से अवगत कराया गया. साथ ही विद्यालय परिसर में अग्नि सुरक्षा से संबंधित आवश्यक सावधानियों के पालन पर विशेष जोर दिया गया. इस प्रकार के जागरूकता एवं मॉक ड्रिल कार्यक्रमों का उद्देश्य विद्यालयों में आपदा एवं अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा आपात परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को सुदृढ़ करना है.
