Chaibasa News : रामगढ़ को 166 रन से हरा बोकारो सुपर डिवीजन में

चाईबासा : अंतर जिला सीनियर महिला क्रिकेट प्रतियोगिता

चाईबासा.झारखंड राज्य क्रिकेट संघ के तत्वावधान में अंतर जिला सीनियर महिला क्रिकेट प्रतियोगिता आयोजित की गयी. यहां अंतिम लीग मैच में शशि माथुर के 124 रन की बदौलत बोकारो ने रामगढ़ को 166 रनों से हरा कर सुपर डिवीजन में प्रवेश किया. बोकारो की ये लगातार तीसरी जीत है. जबकि रामगढ़ की टीम लगातार दो मैच गंवाकर प्रतियोगिता से बाहर हो गयी है.

बोकारो की टीम ने 337 रन बनाये, शशि का शतक

चाईबासा के बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम में खेले गये रविवार के मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए बोकारो की टीम पूरे 50 ओवर में सभी विकेट खोकर 337 रन बनाये. उद्घाटक बल्लेबाज शशि माथुर ने मात्र 67 गेंदों पर 16 चौके व आठ छक्के की मदद से 124 रनों की पारी खेली. कप्तान खुशबू कुमारी ने आठ चौके व एक छक्के की सहायता से 61 रन बनाये. रामगढ़ की ओर से अंजलि यादव ने 56 रन देकर तीन विकेट हासिल किये.

रामगढ़ की टीम 171 रन ही बना पायी

इधर, लक्ष्य का पीछा करने उतरी रामगढ़ की टीम पूरे 50 ओवर खेलकर आठ विकेट के नुकसान पर 171 रन ही बना पायी. रामगढ़ की ओर से प्रगति कुमारी ने 27, अमिषा परमार ने 25 नाबाद, खुशी राठौड़ ने 24 व कप्तान प्रतीक्षा दूबे ने 22 रन बनाये. बोकारो की आरती कुमारी व रिन्नी बर्मन ने दो-दो विकेट लिये. उपायुक्त कुलदीप चौधरी ने बोकारो की शशि माथुर को उसकी शानदार बल्लेबाजी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच के पुरस्कार से नवाजा गया. मौके पर उप विकास आयुक्त संदीप कुमार मीणा भी उपस्थित थे.

सुपर डिवीजन के मुकाबले 15 अप्रैल से

पश्चिमी सिंहभूम क्रिकेट एसोसिएशन के महासचिव असीम कुमार सिंह ने बताया कि 15 अप्रैल को पहले सुपर डिवीजन मुकाबले में पश्चिमी सिंहभूम का मुकाबला बोकारो से, 16 अप्रैल को दूसरे सुपर डिवीजन मैच में बोकारो का मुकाबला जमशेदपुर से व अंतिम सुपर डिवीजन मुकाबले में पश्चिमी सिंहभूम का मुकाबला जमशेदपुर से 17 अप्रैल को होगा. प्रतियोगिता का फाइनल मैच शनिवार 19 अप्रैल को निर्धारित है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >