Chaibasa News : सारंडा : 24 घंटे में हाथी ने दो लोगों की पटक कर जान ली

शुक्रवार की रात में गिडुंग गांव में युवक को कुचला और शनिवार सुबह में तेंताई जंगल में अधेड़ को मौत के घाट उतारा

मनोहरपुर. मनोहरपुर के सारंडा जंगल में एक दंतैल हाथी ने उत्पात मचाकर रखा है. हाथी ने 24 घंटे के भीतर दो लोगों को कुचलकर मौत के घाट उतार दिया. इसके अलावा एक महिला के घर को क्षतिग्रस्त कर दिया है. इस घटना से ग्रामीण काफी दहशत में हैं. वन विभाग से मुआवजा व सुरक्षा की गुहार लगा रहे है. जानकारी के मुताबिक पहली घटना शुक्रवार रात लगभग 10.30 बजे की है. जराइकेला थाना के गिडुंग गांव में हाथी ने घर के बाहर खाना बना रहे लक्ष्मण बिरगम (30) को कुचल कर बुरी तरह मार डाला. परिजनों ने बताया कि लक्ष्मण रात में अपने घर के बाहर खाना बना रहा था. इसी दौरान जंगली हाथी आ पहुंचा. हाथी को देखकर लक्ष्मण भागने लगा, तभी हाथी ने उसे सूंड से लपेट कर उसी के घर की दीवार पर पटका. इसके बाद पैर से कुचलकर मार डाला. आवाज सुनकर उसका भाई और गांव के अन्य लोग पहुंचे तो हाथी बांधटोली गांव की ओर भाग गया. जहां बांधटोली गांव की मीना नायक के घर को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया. घटना के समय मीना नायक व उसके बच्चे घर पर ही थे. हाथी की आवाज सुनकर घर से भागकर अपनी जान बचाई.

तेनताई जंगल में अधेड़ की जान ली

इसके बाद हाथी ने शनिवार सुबह सात बजे तेनताई जंगल में लकड़ी काटने गये 50 वर्षीय चंदन जोजो को पटक कर मार डाला. चंदन जोजो समठा गांव का रहने वाला था. चंदन को मारने के बाद लगभग दोपहर 2 बजे तक हाथी उसके शव के आसपास घूमता रहा. इस कारण लोग उसके शव के पास घंटों तक नहीं जा सके. शनिवार शाम लगभग 4 बजे ग्रामीण उसके शव को लेकर गांव पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: ATUL PATHAK

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >