चाईबासा.
पश्चिमी सिंहभूम जिला समाहरणालय सभागार में गुरुवार को सांसद जोबा माझी की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक हुई. सांसद ने स्पष्ट किया कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाएं अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना सुनिश्चित करना सभी की जिम्मेदारी है. भीषण गर्मी को देखते हुए पेयजल एवं स्वच्छता विभाग को चापाकलों की मरम्मत और जलमीनार के बेहतर संचालन का निर्देश दिया. चक्रधरपुर व जगन्नाथपुर में जर्जर हो चुकीं पानी टंकियों का सुरक्षित निस्तारण करने को कहा. प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना से सड़कों की मरम्मत में तेजी लाने के निर्देश दिये.रोजगार और शिक्षा पर जोर
अधिक से अधिक युवाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण देने का निर्देश दिया. सामुदायिक वन पट्टा वितरण, एकलव्य विद्यालयों में पेयजल की व्यवस्था और शत-प्रतिशत साइकिल वितरण सुनिश्चित करने को कहा. तांतनगर में नवनिर्मित फार्मासिस्ट कॉलेज का संचालन और नवोदय विद्यालयों में नामांकन प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने पर चर्चा हुई.हाथी प्रभावित क्षेत्रों के लिए एलीफेंट अलर्ट सिस्टम
वन विभाग को निर्देशित किया गया कि हाथियों के मूवमेंट वाले क्षेत्रों में एलीफेंट अलर्ट सिस्टम और हाईमास्क लाइटें लगायी जायें, ताकि जन-धन की हानि को रोका जा सके. बिजली विभाग को नये पोल लगाने और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश मिला.भूमिहीनों को आवास के लिए दो-दो डिसमिल जमीन : डीसी
ने बताया कि आपदा से प्रभावित आवेदनों पर मुआवजा भुगतान की कार्रवाई जारी है. सर्पदंश के लिए सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर एंटीवेनम की उपलब्धता अनिवार्य की गयी है. बैठक में भूमिहीन लोगों को आवास के लिए दो-दो डिसमिल जमीन उपलब्ध कराने और राजस्व शिविरों के माध्यम से समस्याओं के समाधान पर विस्तार से चर्चा हुई.
परिसंपत्तियों का वितरण व जागरुकता रथ रवाना किया
बैठक के बाद मेधावी छात्रों, खिलाड़ियों और विभिन्न योजनाओं के लाभुकों के बीच साइकिल, वन पट्टा, ट्रैक्टर, स्पोर्ट्स किट और चेक वितरण किया गया. सांसद और अन्य अतिथियों ने पोषण, जनगणना, आयुष्मान भारत और टीबी मुक्त भारत जैसे संदेशों को लेकर विभिन्न जागरुकता रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया.ये रहे उपस्थित :
खूंटी सांसद कालीचरण मुंडा, विधायक निरल पुरती, सुखराम उरांव, सोनाराम सिंकु, जगत माझी, उपायुक्त मनीष कुमार, जिप अध्यक्ष लक्ष्मी सुरेन, डीडीसी उत्कर्ष कुमार, चाईबासा नगर परिषद अध्यक्ष नितिन प्रकाश, चक्रधरपुर नगर परिषद अध्यक्ष सन्नी उरांव आदि.
