चक्रधरपुर रेल मंडल के डांगुवापोसी में मूसलाधार बारिश से जन जीवन अस्त व्यस्त हो गया है. गुरुवार सुबह से भारी बारिश के कारण रेलवे कॉलोनियां और सड़कें तालाब बन गयी हैं. सौ से अधिक रेलवे क्वार्टरों में पानी घुसने से घर के आधिकतर सामान नष्ट हो गये हैं. सारंडा कॉलोनी के रनिंग स्टाफ को घुटने भर पानी से घुसकर ड्यूटी जाना पड़ा.
रेलवे कार्यालयों में घुसा पानी
स्टेशन के बिजली विभाग, डेली मार्केट, जीआरपी कार्यालय, बैंक और अधिकारियों के आवासों में पानी भरने से रेलवे का कामकाज पूरी तरह ठप हो गया है. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए 17 नंबर रेलवे ट्रैक पर बढ़ते जलभराव को रोकने के लिए रेलवे ने जेसीबी से सारंडा कॉलोनी की चाहरदीवारी तोड़कर पानी की निकासी करायी है.
मेंस कांग्रेस और ओबीसी प्रतिनिधियों ने क्षेत्र का जायजा लेकर आवश्यक कदम उठाने की अपील की है. बारिश के चलते बिजली आपूर्ति ठप हो गयी है. चारों तरफ अंधेरा पसरा हुआ है. बाजार और दुकानें बंद होने से लोगों को जरूरी सामान नहीं मिल रहा है. रेलकर्मी और उनके परिजन घरों में घुसा गंदा पानी बाहर निकालने में जुटे हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि समय पर ड्रेनेज सिस्टम की व्यवस्था नहीं होने के कारण यह भयावह स्थिति उत्पन्न हुई है.
