75 मामलों में मिला मुआवजा, 50 आवेदन काउंसिल को भेजे गये

चाईबासा में हिट एंड रन मामलों की समीक्षा बैठक में 75 पीड़ितों को 1.45 करोड़ रुपये का मुआवजा दिया गया। 50 अन्य आवेदनों को काउंसिल के पास भेजा गया है।

प्रतिनिधि, चाईबासा

जिला मुख्यालय सभागार में डीसी मनीष कुमार की अध्यक्षता में ‘हिट एंड रन’ मामलों की बैठक हुई. बैठक में उपायुक्त ने मुआवजे के दावों की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की. बैठक में बताया गया कि पश्चिमी सिंहभूम जिले में अब तक कुल 75 हिट एंड रन मामलों में पीड़ितों अथवा मृतकों के आश्रितों को 1 करोड़ 45 लाख 50 हजार रुपये की मुआवजा राशि का भुगतान किया जा चुका है. 50 अन्य मामलों में अंचल एवं अनुमंडल स्तर पर जांच, सत्यापन और अनुशंसा की प्रक्रिया पूरी कर जिला स्तर से ''जनरल इंश्योरेंस काउंसिल'' को फॉरवर्ड कर दिया गया है. हाल ही में प्राप्त 32 नये आवेदनों के अभिलेखों, जांच प्रतिवेदन और आवश्यक दस्तावेजों की भी क्रमवार समीक्षा की गयी.

कागजी कार्रवाई जल्द पूरी करें, देरी बर्दाश्त नहीं: उपायुक्त

डीसी ने सभी अंचलाधिकारियों को सख्त निर्देश दिया कि जिन मामलों में दस्तावेज या जांच प्रतिवेदन पेंडिंग हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द पूरा करें. उन्होंने कहा कि किसी भी पात्र पीड़ित या मृतक के आश्रित को मुआवजा मिलने में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए. इसके लिए सभी अधिकारी समयबद्ध तरीके से काम करें.

हिट एंड रन योजना में मुआवजे का प्रावधान

डीसी ने बैठक में योजना के तहत मिलने वाली राशि की जानकारी भी साझा की. सड़क दुर्घटना (हिट एंड रन) में मौत होने पर मृतक के आश्रितों को ₹2,00,000 (दो लाख रुपये) की अनुग्रह सहायता दी जाती है. दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को ₹50,000 की आर्थिक सहायता देने का प्रावधान है.जागरुकता बढ़ाने और बेहतर समन्वय का निर्देश

डीसी मनीष कुमार ने अंचलाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी, पुलिस प्रशासन और जिला परिवहन कार्यालय को आपसी समन्वय मजबूत करने का निर्देश दिया ताकि दावों का सत्यापन तेजी से हो सके. साथ ही, उन्होंने आम नागरिकों के बीच इस योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने को कहा, ताकि प्रभावित परिवार समय पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन कर योजना का लाभ उठा सकें. बैठक में डीडीसी उत्कर्ष कुमार, अपर उपायुक्त किस्टो कुमार बेसरा, पोड़ाहाट-चक्रधरपुर अनुमंडल पदाधिकारी श्रुति राजलक्ष्मी, जिला परिवहन पदाधिकारी गौतम कुमार सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Bhagirathi Mahato

Published by: Priya Gupta

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >