Chaibasa News : चक्रधरपुर रेल मंडल ने 154.97 मिलियन टन माल लदान कर बनाया नया कीर्तिमान

एक साल में 13,000 करोड़ से ज्यादा की कमाई, बेटिकट यात्रियों से वसूला जुर्माना

चक्रधरपुर. दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर रेल मंडल ने वर्ष 2025-26 में कुल 154.97 मिलियन टन माल की ढुलाई कर नया कीर्तिमान स्थापित किया. यह विगत वर्ष 2024-25 की कुल 154.07 मिलियन टन की अपेक्षा 0.9 मिलियन टन अधिक है. माल लदान में वित्तीय वर्ष 2025-26 में 13,099 करोड़ रुपये के राजस्व के साथ चक्रधरपुर रेल मंडल भारतीय रेल में चौथे स्थान पर रहा. रेलमंडल के जनसंपर्क अधिकारी सह वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक आदित्य चौधरी ने वित्तीय वर्ष 2025-26 चक्रधरपुर रेल मंडल का लेखा जोखा प्रस्तुत किया.

श्री चौधरी ने कहा कि चक्रधरपुर रेल मंडल अनेक अन्य आय क्षेत्रों में भी रिकॉर्ड स्थापित किया है. दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिये किये गये प्रयासों के अंतर्गत 172 किलो मीटर रेलवे ट्रैक का नवीनीकरण कार्य व राजखरसावां-लोटापहाड़,जरायकेला-बंडामुंडा ए केबिन रेलखंड को ऑटो सिग्नल संचालित कर बड़ी उपलब्धि हासिल की है.

31 मार्च को 185 मालगाड़ियों को दौड़ाकर अपना ही रिकॉर्ड तोड़ा

31 मार्च 2026 को चक्रधरपुर रेल मंडल ने एक दिन में सर्वाधिक 185 रैक मालगाड़ी ( 14 हजार 683 वागेन) लोडिंग कर सभी रिकॉर्ड तोड़ दिया है. जो विगत 31 मार्च 2025 को हुई 11 हजार 625 वागेन लोडिंग की तुलना में करीब 4 हजार वागेन अधिक है. इस उपलब्धि को देखते हुये रेलवे के कंट्रोल रूम में डीआरएम तरुण हुरिया व परिचालन एवं सभी ब्रांच अधिकारियों ने केक काट कर जश्न मनाया.

बेटिकट सफर करने वालों से 
16.57 करोड़ रुपये जुर्माना वसूला

चक्रधरपुर रेल मंडल में ट्रेनों की संख्या बढ़ रही है, उसी गति से ट्रेनों में बिना टिकट यात्रा करने वालों की संख्या भी बढ़ी है. रेल मंडल के वाणिज्य विभाग ने एक्शन लेकर मोटी रकम भी वसूल रहा है. रेल मंडल को वर्ष 2025-26 में 227712 लोगों को बेटिकट यात्रा करते पकड़ा था. बेटिकट यात्रियों से वसूली गयी राशि में भी खासा वृद्धि हुई है. वर्ष 2024-25 में ऐसे यात्रियों से 11करोड़ रुपये व वर्ष 2025-26 में 16.57 करोड़ रुपये वसूले गये. रेलवे ने बेटिकट यात्रियों को रोकने के लिये सख्त कदम उठाये गये थे.

यात्री किराये में कमाई 532 करोड़ रुपये हुई:

इस वर्ष यात्री क्षेत्र भी बेहतर रहा. वर्ष 2025-26 में चक्रधरपुर रेल मंडल से कुल 1 करोड़ 83 लाख 700 यात्रियों ने ट्रेनों में सफर किया. इससे रेल मंडल को 532 करोड़ रुपये आय अर्जित हुआ. इसके अलावे पार्किंग, कैटरिंग, प्रचार-प्रसार में कुल 14.56 करोड़ रुपये आय अर्जित किया.

कबाड़ से रेल मंडल की कमाई 138.44 करोड़ रुपये:

वर्ष 2025-26 में चक्रधरपुर रेल मंडल ने कबाड़ से कुल 138.44 करोड़ रुपये की कमाई की है. जो कि सर्वाधिक है. रेल मंडल ने विभिन्न स्टेशन व यार्ड एवं लोको शेड के कबाड़ बिक्री की थी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Atul pathak

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >