चक्रधरपुर : चक्रधरपुर प्रखंड के चैनपुर गांव में रविवार सुबह एक 18 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. घटना की जानकारी मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई. सूचना पर मुखिया साहेब हेंब्रम ने चक्रधरपुर थाना को इसकी जानकारी दी.
घर में अकेली थी युवती
बताया जाता है कि चैनपुर गांव निवासी मुरली नापित की 18 वर्षीय पुत्री रानी नापित रविवार सुबह घर में अकेली थी. इसी दौरान उसने आग लगा ली. घटना में युवती गंभीर रूप से झुलस गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना की सूचना मिलने के बाद चक्रधरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल भेज दिया.
मामले की जांच कर रही पुलिस
पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है. परिजनों और ग्रामीणों के अनुसार, रानी नापित सिस्टर निवेदिता महिला महाविद्यालय में इंटर की पढ़ाई कर रही थी. बताया जा रहा है कि घटना से पहले युवती ने एक सुसाइड नोट भी छोड़ा है. पुलिस सुसाइड नोट की जांच कर रही है और घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है. घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
