चाईबासा डैम में नहाने गये वेल्डिंग मिस्त्री की डूबने से मौत

काम से लौटने के बाद बुधवार शाम को स्नान करने के लिए रोरो नदी स्थित डैम गया था युवक

चाईबासा. मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के जेवियर नगर रोरो नदी स्थित डैम में नहाने के दौरान डूबने से चाईबासा के बड़ी बाजार मस्जिद मोहल्ला निवासी मोहम्मद इजहार अशरफ उर्फ जानू की मौत हो गयी. वह पेशे से वेल्डिंग मिस्त्री था. गुरुवार सुबह काफी मशक्कत के बाद स्थानीय लोगों और रिश्तेदारों की मदद से शव को डैम से बाहर निकाला गया. पुलिस ने सदर अस्पताल चाईबासा में पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया.

देर रात घाट पर मिली बाइक और चप्पल

परिजनों के अनुसार, इजहार बुधवार शाम काम से लौटने के बाद करीब साढ़े छह बजे बाइक से रोजाना की तरह डैम में नहाने गया था. वह देर रात तक घर वापस नहीं लौटा, तो परिजनों ने खोजबीन शुरू की. इस दौरान डैम घाट पर उसकी बाइक खड़ी मिली और बाहर चप्पल रखी थी. अनहोनी की आशंका को देखते हुए तुरंत मुफ्फसिल थाना पुलिस को इसकी सूचना दी गयी. पुलिस ने रात में ही मौके पर पहुंचकर जांच की और बाइक को जब्त कर थाना ले गयी, लेकिन अंधेरा होने के कारण रात को शव का पता नहीं चल सका.

दो भाइयों में सबसे छोटा था इजहार, शादी की चल रही थी बात

गुरुवार सुबह फिर से खोज अभियान शुरू किया गया. मृतक के रिश्तेदारों और स्थानीय युवकों ने पानी में उतरकर करीब डेढ़ से दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद शव को गहरे पानी से ढूंढ निकाला. इजहार दो भाइयों में सबसे छोटा था और मिलनसार व शांत स्वभाव का युवक था. परिजनों ने बताया कि इन दिनों उसकी शादी के लिए बातचीत चल रही थी. इस हादसे के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पुलिस मामले की हर बिंदु से जांच कर रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: ATUL PATHAK

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >