गुवा, पश्चिमी सिंहभूम : बड़ाजामदा में आदिवासी छात्रा से कथित छेड़खानी और स्थानीय युवाओं पर धारदार हथियार से हमले के मामले में भाजपा ने पुलिस-प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग की है. रविवार को भाजपा के पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई बड़ाजामदा पहुंचे और आदर्श मध्य विद्यालय परिसर में स्थानीय महिलाओं व पार्टी नेताओं के साथ बैठक की.
आरोप है कि अमन लॉज में रहने वाले कुछ युवकों ने एक आदिवासी छात्रा के साथ छेड़खानी और अमानवीय व्यवहार किया. विरोध करने पर नाराज युवकों ने धारदार हथियार से हमला कर कई स्थानीय युवाओं को गंभीर रूप से घायल कर दिया. घायलों का इलाज टीएमएच नोवामुंडी अस्पताल में चल रहा है. पुलिस अब तक दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है.
शेष आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग
भाजपा ने शेष आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के साथ पीड़ित छात्रा और घायलों को न्याय दिलाने की मांग की है. पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो भाजपा उग्र आंदोलन करेगी. इसकी पूरी जिम्मेदारी पुलिस-प्रशासन की होगी.
बैठक में भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला अध्यक्ष शंभू हजरा, अजीत सिंह, प्रफुल्ल महाकुड़, संजीव राय, राजा तिर्की, सारंडा मंडल अध्यक्ष महेंद्र महाकुड़, दुनिया कुम्हार, राय भूमिज, अशोक पान समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे.
