मनोहरपुर : संत नरसिंह आश्रम में शुक्रवार की शाम श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का त्योहार भक्तिभाव से मनाया गया. इस दौरान भव्य भजन संध्या और नन्हे बच्चों के लिए राधा-कृष्ण ड्रेस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. भजन संध्या में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी. जमशेदपुर से आये प्रसिद्ध कलाकार चंचल कुमार तथा बिहार से पधारे कलाकार नेहाल मिश्रा और नेहा तिवारी ने अपनी सुरीली आवाज से एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति दी.
मनमोहक रूप में सजकर पहुंचे बच्चे
भजन संध्या के साथ-साथ आयोजित 'राधा-कृष्ण ड्रेस प्रतियोगिता' कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रही. प्रतियोगिता में नन्हे-मुन्ने बच्चे राधा और कृष्ण के मनमोहक स्वरूप में सज होकर मंच पर पहुंचे. बच्चों ने जब आकर्षक अंदाज में रैंप वॉक किया, तो पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा.
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर दो बच्चों का सम्मान
प्रतियोगिता के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले दो बच्चों को बेहतरीन मेकअप और मनमोहक पोशाक (बेस्ट ड्रेस) के लिए पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया. मौके पर आशीष राय, दीपक यादव, राजेश हरलालका, सुमित साह, शुभम पटेल, रजनीश साह, प्रकाश साह, पिंकी डागा, राहुल यादव, शरद हरलालका, शिवम थेबेड़िया, आकाश गुप्ता, अंकित मिश्रा आदि मौजूद थे.
