प्रतिनिधि, चाईबासा
पश्चिमी सिंहभूम जिले के उप विकास आयुक्त (डीडीसी) उत्कर्ष कुमार ने गुरुवार को नोवामुंडी प्रखंड की विभिन्न पंचायतों में चल रही विकास योजनाओं का जायजा लिया. उन्होंने ग्राम पंचायत पोखरपी, कोटगढ़ और दूधबिला में पहुंचकर योजनाओं की स्थिति देखी और अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए.
डीडीसी ने योजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों और संवेदकों को तय समय के अंदर गुणवत्तापूर्ण काम पूरा करने को कहा. उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाने के लिए काम में तेजी और गुणवत्ता दोनों जरूरी हैं.
आवास, सिंचाई और पंचायत योजनाओं की हुई जांच
निरीक्षण के दौरान डीडीसी ने विकसित भारत अभियान के तहत चल रही बिरसा हरित ग्राम योजना और बिरसा सिंचाई कूप संवर्धन मिशन के तहत बन रहे कुओं का जायजा लिया. इसके अलावा अबुआ आवास योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना की भी समीक्षा की.
उन्होंने लाभुकों से बातचीत कर आवास निर्माण की स्थिति की जानकारी ली और जल्द से जल्द काम पूरा करने का निर्देश दिया.
पुलिया और चेकडैम निर्माण कार्य का लिया जायजा
डीडीसी ने 15वें वित्त आयोग की राशि से पंचायत भवनों के सुदृढ़ीकरण कार्य और खर्च की स्थिति की भी जांच की. वहीं डीएमएफटी मद से कोटगढ़ के राजाबांध नाला में बन रहे स्पेन पुलिया और चेकडैम तथा कड़ियाटांगर नदी में निर्माणाधीन चेकडैम का निरीक्षण किया. इस दौरान जिला पंचायत राज पदाधिकारी सविता टोपनो, बीडीओ पप्पू रजक, ग्रामीण कार्य विभाग के सहायक अभियंता और कनीय अभियंता सहित कई अधिकारी मौजूद थे.
