चाईबासा.
पश्चिमी सिंहभूम जिले के आनंदपुर थानांतर्गत इचिंडा से गोयराबेड़ा के बीच सड़क निर्माण कार्य में जुटे ठेकेदार से लेवी वसूलने के आरोप में पुलिस ने प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन पीएलएफआइ के तीन सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों को मंगलवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया. इसकी जानकारी सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) बहामन टूटी ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संजू भोगता (23 वर्ष), कृष्णा भोगता (27 वर्ष) और संजय साय (36 वर्ष) के रूप में हुई है.जंगल की तरफ भाग रहे थे, पुलिस ने खदेड़कर पकड़ा
एसडीपीओ ने बताया कि 25 मई, 2026 की सुबह पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी ठेकेदार से लेवी वसूलने के इरादे से क्षेत्र में घूम रहे हैं. पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आनंदपुर थाना प्रभारी के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने तत्काल गोयराबेड़ा जंगल के पास घेराबंदी की. पुलिस बल को देखकर दो आरोपी जंगल की तरफ भागने लगे, जिन्हें मुस्तैद जवानों ने खदेड़कर पकड़ लिया. तलाशी के दौरान संजू भोगता की कमर से एक मैगजीन युक्त पिस्तौल, एक जिंदा व एक मिसफायर कारतूस और 5 मोबाइल बरामद हुए. वहीं, कृष्णा भोगता के पास से तीन कारतूस और एक स्मार्टफोन मिला. दोनों की निशानदेही पर पुलिस ने सोमवार की रात उनके तीसरे साथी संजय साय को भी गिरफ्तार कर लिया.
