जमशेदपुर से अपराध की एक दर्दनाक घटना सामने आई है. बर्मामाइंस थाना क्षेत्र के स्टार टॉकीज के पास गुरुवार देर रात स्क्रैप चोरी का विरोध करने पर कुछ बदमाशों ने एक कारोबारी पर चापड़ से हमला कर दिया. कारोबारी ने किसी तरह अपनी जान बचाई, लेकिन आरोपी उनके पास मौजूद नकदी लेकर फरार हो गए. घटना के संबंध में पीड़ित ने बर्मामाइंस थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है.
डंपर से स्क्रैप चुरा रहे थे बदमाश
जानकारी के अनुसार पीड़ित कारोबारी की पहचान जुगसलाई निवासी राजू जायसवाल के रूप में हुई है. उनका बर्मामाइंस इलाके में स्क्रैप का डिपो है. राजू जायसवाल ने बताया कि गुरुवार रात करीब 11 बजे वह बिष्टुपुर से स्क्रैप लदे एक डंपर को अपने डिपो भेज रहे थे. वह खुद अपनी कार से डंपर के पीछे-पीछे चल रहे थे. जब डंपर स्टार टॉकीज के समीप पहुंचा, तब उन्होंने देखा कि दो-तीन युवक डंपर पर चढ़कर स्क्रैप चुरा रहे हैं.
जेब से निकाले तीन हजार रुपये
राजू जायसवाल ने गाड़ी रोककर युवकों को चोरी करने से मना किया और विरोध जताया. आरोप है कि इसके बाद सभी बदमाश उनके साथ मारपीट करने लगे. इसी दौरान एक बदमाश ने उनकी जेब से करीब तीन हजार रुपये निकाल लिए, जबकि दूसरे आरोपी ने उन पर चापड़ से हमला कर दिया. राजू जायसवाल ने किसी तरह खुद को बचाया और मौके से भागकर अपनी जान बचाई.
शिकायत के बाद जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलने के बाद बर्मामाइंस थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई. पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है. साथ ही बदमाशों के हुलिये के आधार पर उनकी पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है. पुलिस का कहना है कि पीड़ित की लिखित शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है.
