कसमार प्रखंड के हरनाद ऊपर टोला में एक विचित्र घटना ग्रामीणों के बीच कौतूहल का विषय बनी हुई है. यहां कुछ घरों के कमरों में अचानक फर्श के नीचे से पानी निकलने लगा. देखते ही देखते पानी ने घर के बेडरूम समेत अन्य कमरों को अपनी चपेट में ले लिया और करीब एक फुट तक जलजमाव हो गया.
परिवार के लोग रातभर टुल्लू पंप से पानी निकालते रहे, लेकिन फर्श से पानी का निकलना बंद नहीं हुआ. बताया गया कि बुधवार दोपहर करीब तीन बजे सबसे पहले कुछ घरों के फर्श से पानी निकलता दिखायी दिया.
धीरे-धीरे डूब गया घर
शुरुआत में परिवार के सदस्यों ने इसे सामान्य घटना समझा, लेकिन कुछ ही देर में पानी लगातार बढ़ने लगा. सावित्री देवी (पति स्व ठेलू राम महतो), बाली देवी (पति मनेश्वर महतो), अनीता देवी (पति खगेंद्र महतो), देवशरण महतो, विकास महतो, राधानाथ महतो और जगरनाथ महतो के घरों के विभिन्न कमरों में पानी भर गया.
स्थिति ऐसी हो गयी कि घर के अंदर रहना मुश्किल हो गया. परिवार के सदस्यों ने पानी निकालने के लिए टुल्लू पंप लगाया. रातभर पानी निकालने के बावजूद गुरुवार को भी फर्श से जलस्रोत फूटता रहा. इससे प्रभावित परिवारों के सामने अब सबसे बड़ी चिंता रहने की जगह को लेकर है.
खाना बनान हुआ मुश्किल
घर के कमरे लगातार पानी से भरे रहने के कारण परिवार के सदस्य सामान और खुद को सुरक्षित रखने को लेकर परेशान हैं. किचन में पानी जमा होने के कारण खाना तक नहीं बना पा रहे हैं.
घटना की जानकारी मिलने पर मुखिया प्रतिनिधि घनश्याम महतो समेत सुरेंद्र महतो, कमलेश्वर महतो, आनंद महतो, बबलू महतो, पंचानन महतो, अभिषेक महतो, जगरनाथ महतो, मनेश राम महतो समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे. ग्रामीणों ने भी लगातार पानी निकलते देखकर हैरानी जतायी.
मुखिया प्रतिनिधि घनश्याम महतो ने मामले की जानकारी बीडीओ नम्रता जोशी को देते हुए प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत उपलब्ध कराने की मांग की है. ग्रामीणों का कहना है कि फर्श से अचानक पानी निकलने के कारणों की जांच करायी जानी चाहिये, ताकि घटना की वास्तविक वजह का पता चल सके और प्रभावित परिवारों को राहत मिल सके.
