जैनामोड़: देश के जिन महापुरुषों के बलिदान और संघर्ष से भारतवासियों को आजादी मिली, उन्हीं महापुरुषों की तस्वीरें जरीडीह प्रखंड के टांड़ बालीडीह पंचायत भवन के कूड़ेदान में फेंके जाने का मामला सोमवार को सामने आया. कूड़ेदान में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, सरदार वल्लभभाई पटेल और पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की तस्वीरें मिलने के बाद आसपास के लोगों में रोष देखा गया.
लोगों ने कहा कि जिन महापुरुषों के त्याग और बलिदान के कारण देश आजादी की खुली हवा में सांस ले रहा है, उनकी तस्वीरों को पंचायत भवन के कूड़ेदान में फेंकना बेहद निंदनीय है. मामला सामने आने के बाद इसकी चर्चा पूरे पंचायत क्षेत्र में फैल गयी. स्थानीय लोगों ने पंचायत प्रतिनिधियों और कर्मियों की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए मामले में कार्रवाई की मांग की.
मामला सामने आने के बाद कूड़ेदान में पड़ी सभी तस्वीरों को बाहर निकाला गया और सम्मानपूर्वक सुरक्षित स्थान पर रखवाया गया. पंचायत के मुखिया ने बताया कि कुछ दिन पूर्व पंचायत भवन में साफ-सफाई करायी गयी थी. हालांकि, महापुरुषों की तस्वीरों को कूड़ेदान में रखे जाने की जानकारी उन्हें नहीं थी.
वहीं, पंचायत सेवक तनु प्रिया ने बताया कि पुराने फोटो हटाकर नये फोटो लगाए जा रहे हैं. इसी क्रम में पुराने फोटो हटाए गए थे और कार्य अभी जारी है.
मामले को लेकर उप विकास आयुक्त शताब्दी मजुमदार ने कहा कि वह बीडीओ से बात कर पूरे मामले की जानकारी लेंगी.
