बोकारो: सेक्टर-4 स्थित मोहन कुमार मंगलम स्टेडियम में आयोजित दूसरी एनटीपीसी राष्ट्रीय रैंकिंग तीरंदाजी प्रतियोगिता का बुधवार को समापन हो गया. आर्चरी एसोसिएशन ऑफ इंडिया और झारखंड तीरंदाजी संघ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे तीरंदाजों ने सब-जूनियर, जूनियर और सीनियर वर्ग के रिकर्व व कंपाउंड मुकाबलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया.
समापन समारोह में मुख्य अतिथि झारखंड के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो ने विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी, पदक, स्मृति चिह्न और पुरस्कार राशि के चेक देकर सम्मानित किया. खिलाड़ियों के सम्मान के दौरान पूरा स्टेडियम तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा.
सुदेश महतो ने कहा कि प्रतिकूल मौसम के बावजूद बोकारो में राष्ट्रीय स्तर की तीरंदाजी प्रतियोगिता का सफल आयोजन सराहनीय है. उन्होंने आयोजन समिति, खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, तकनीकी अधिकारियों और सभी सहयोगियों को बधाई दी. उन्होंने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और निरंतर प्रयास की भावना विकसित करता है.
खेल जीवन के बाद भी खिलाड़ियों को मिले सहयोग
पूर्व उपमुख्यमंत्री ने कहा कि खिलाड़ियों के लिए केवल खेल मैदान और आधारभूत संरचना उपलब्ध कराना पर्याप्त नहीं है. प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं के दौरान खिलाड़ियों को लगातार सहयोग और भरोसा देना जरूरी है. खेल जीवन समाप्त होने के बाद भी खिलाड़ियों के लिए सम्मान और सहयोग का वातावरण बना रहना चाहिए, ताकि वे स्वयं आगे बढ़ने के साथ आने वाली पीढ़ी को भी प्रेरित कर सकें.
उन्होंने कहा कि जमीनी स्तर से प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें बेहतर प्रशिक्षण और राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने का अवसर देना जरूरी है. सब-जूनियर और जूनियर खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर खेलने का अनुभव मिलने से उनका आत्मविश्वास बढ़ेगा और वे भविष्य में राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर सकेंगे.
राष्ट्रीय प्रतियोगिता से बोकारो की खेल पहचान मजबूत हुई : डॉ. लम्बोदर महतो
बोकारो जिला तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष सह पूर्व विधायक डॉ. लम्बोदर महतो ने कहा कि बोकारो में दूसरी एनटीपीसी राष्ट्रीय रैंकिंग तीरंदाजी प्रतियोगिता का सफल आयोजन जिले के लिए गौरव की बात है. राष्ट्रीय स्तर के आयोजन से स्थानीय खिलाड़ियों को देश के बेहतर तीरंदाजों के साथ प्रतिस्पर्धा करने का अवसर मिलता है. इससे उनकी प्रतिभा, तकनीक और आत्मविश्वास में निखार आता है.
उन्होंने कहा कि तीरंदाजी झारखंड की संस्कृति और परंपरा से जुड़ा खेल है. संघ का प्रयास है कि जिले के खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, अभ्यास की सुविधा और राष्ट्रीय स्तर का मंच उपलब्ध कराया जाये.
खिलाड़ियों की मेहनत से सफल हुआ आयोजन : एंजेला सिंह
बोकारो जिला तीरंदाजी संघ की सचिव एंजेला सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय रैंकिंग प्रतियोगिता को सफल बनाना बड़ी जिम्मेदारी थी. अलग-अलग राज्यों से पहुंचे खिलाड़ियों को बेहतर माहौल उपलब्ध कराने के लिए संघ के पदाधिकारियों, प्रशिक्षकों, जजों और तकनीकी टीम ने लगातार काम किया.
उन्होंने कहा कि प्रतिकूल मौसम के बावजूद खिलाड़ियों ने उत्साह और खेल भावना बनाये रखी. प्रतियोगिता से खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर का महत्वपूर्ण अनुभव मिला है. उन्होंने खिलाड़ियों, अभिभावकों, प्रशिक्षकों और तकनीकी अधिकारियों का आभार जताया.
जज, कोच और तकनीकी अधिकारी भी सम्मानित
प्रतियोगिता के दौरान सेवाएं देने वाले तकनीकी अधिकारियों और जजों को भी सम्मानित किया गया. इनमें असम के वरिष्ठ जज गिरीश मोहन, पूर्व ओलंपियन व जज सुमंगला, पूर्व सैन्यकर्मी व सीसीएल कोच अनिल कुमार सिंह, वर्ष 2010 राष्ट्रमंडल खेलों के रजत पदक विजेता व वर्तमान कोच सह जज रितुल चटर्जी, परिणाम प्रभारी राहुल सिंह और जमशेदपुर के कोच व जज अमरजीत दुबे शामिल थे.
इसके अलावा रवि राज शर्मा को टाइमर और डीओएस के रूप में योगदान के लिए तथा सुमन चंद्र मोहंती को भारतीय तीरंदाजी संघ की ओर से पर्यवेक्षक व संयुक्त सचिव की भूमिका के लिए सम्मानित किया गया. प्रमुख कोच बीएसराव, डी साई पुरी राव, जिमी लेप्चा, हरेंद्र कुमार सिंह, प्रकाश राम, झानू हांसदा, भगवती चानू, तिती महतो, अंतरराष्ट्रीय तीरंदाज सुमित मित्रा और दुमका के कोच रोहित शर्मा को भी स्मृति चिह्न प्रदान किया गया.
फाइनल मुकाबलों में इन खिलाड़ियों ने मारी बाजी
सब-जूनियर रिकर्व बालक: महाराष्ट्र के आदित्य शिवप्रसाद पवार ने 6-0 के सेट अंक के साथ स्वर्ण पदक जीता. असम के हितादित्य दास उपविजेता और हरियाणा के मयंक कुमार तीसरे स्थान पर रहे.
सब-जूनियर रिकर्व बालिका: हरियाणा की श्रेया दहिया ने 5-5 के बराबर स्कोर के बाद एक्स के आधार पर मुकाबला जीतकर पहला स्थान हासिल किया. हरियाणा की नवनीत दूसरे और झारखंड की खुशी कुमारी तीसरे स्थान पर रहीं.
सब-जूनियर कंपाउंड बालक: तेलंगाना के बूवन साकेथ कोटा ने 148 अंक हासिल कर स्वर्ण पदक जीता. पंजाब के गुरेकमवीर सिंह 144 अंक के साथ दूसरे और हरियाणा के शिवम रावत तीसरे स्थान पर रहे.
सब-जूनियर कंपाउंड बालिका: हरियाणा की एंजेल ने 143 एक्स के साथ पहला स्थान हासिल किया. महाराष्ट्र की परी ललित भटासे दूसरे और उत्तर प्रदेश की निष्ठा गुप्ता तीसरे स्थान पर रहीं.
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में बोकारो जिला तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष डॉ. लम्बोदर महतो, सचिव एंजेला सिंह, भारतीय तीरंदाजी संघ के पर्यवेक्षक सह संयुक्त सचिव सुमन चंद्र मोहंती, वरीय उपाध्यक्ष अजय सिंह, उपाध्यक्ष प्रकाश कुमार पापे, राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रशिक्षक सह कोषाध्यक्ष करण कुमार कर्मकार समेत अन्य पदाधिकारियों और सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही.
