एएसआइएससी (एसोसिएशन ऑफ स्कूल्स फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट) के झारखंड-बिहार जोन की दो दिवसीय 38वीं वार्षिक जनरल बॉडी बैठक आठ और नौ अक्टूबर को होगी. बैठक का आयोजन एएसआइएससी के बैनर तले संत जेवियर्स स्कूल की मेजबानी में किया जाएगा. इसमें जोन के 179 एएसआइएससी स्कूलों के प्राचार्य, प्राचार्या समेत 200 से अधिक स्कूल प्रतिनिधि व अतिथि शामिल होंगे.
बैठक में नयी शिक्षा नीति समेत शिक्षा व्यवस्था से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर गंभीरता से विचार-विमर्श किया जाएगा. यह जानकारी शुक्रवार को एएसआइएससी स्कूल धनबाद-बोकारो जोन के निदेशक सह मेजबान संत जेवियर्स स्कूल के प्राचार्य फादर अरूण मिंज एसजे ने दी.
फादर अरूण मिंज ने बताया कि बैठक में मुख्य अतिथि नयी शिक्षा नीति, शिक्षक और विद्यार्थियों के बीच भावनात्मक रिश्ते तथा शिक्षा से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण पहलुओं पर विचार रखेंगे. वर्तमान समय में विद्यार्थियों के चरित्र निर्माण में शिक्षकों की भूमिका को लेकर भी विशेष सत्र आयोजित किया जाएगा. संवेदनशीलता के साथ विद्यार्थियों में सामाजिक गुण विकसित करने के तरीकों पर भी चर्चा होगी.
उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों के प्रति शिक्षक-शिक्षिकाओं के व्यवहार, आपसी समन्वय, सरल स्कूली संरचना, विषयों के चयन और कौशल विकास जैसे विषय बैठक के प्रमुख एजेंडे में शामिल हैं. इसके अलावा परीक्षा के नये स्वरूप, उच्च शिक्षा में उपलब्ध विकल्प और सर्वांगीण रिपोर्ट कार्ड पर भी चर्चा होगी.
फादर अरूण ने कहा कि विद्यार्थियों के मूल्यांकन में केवल ग्रेड ही नहीं, बल्कि उनके कौशल, ज्ञान और व्यावहारिक विकास को भी महत्व देने की जरूरत है. बैठक में विद्यार्थियों के शैक्षणिक एवं सर्वांगीण विकास से जुड़े अन्य विषयों पर भी विशेष चर्चा की जाएगी. मौके पर स्कूल के उप प्रधानाचार्य देवाशीष चौधरी और उप प्रधानाचार्य दीपक गुप्ता मौजूद थे.
