बोकारो के सोनू बने जिला टॉपर, आरती कुमारी तीसरे स्थान पर

Jac 10th Board Result: बोकारो जिले के चंद्रपुरा प्रखंड के सोनू कुमार ने 488 अंक लाकर जिला टॉपर बनकर इतिहास रचा, वहीं आरती कुमारी ने 486 अंक प्राप्त कर तृतीय स्थान हासिल किया. इससे जुड़ी खबर नीचे पढ़ें.

बोकारो से उदय गिरी की रिपोर्ट 

Jac 10th Board Result: झारखंड जैक बोर्ड की मैट्रिक परीक्षा में बोकारो जिले के चंद्रपुरा प्रखंड के तेलो पूर्वी पंचायत अंतर्गत नुरागडिया गांव निवासी भुनेश्वर महतो के पुत्र एवं सरस्वती विद्या मंदिर तेलो के छात्र सोनू कुमार ने 488 अंक प्राप्त कर जिले में प्रथम स्थान हासिल किया है. वहीं चंद्रपुरा प्रखंड के ही उच्च विद्यालय तारानारी की छात्रा आरती कुमारी ने 486 अंक लाकर जिले में तृतीय स्थान प्राप्त किया है. दोनों छात्रों की इस उपलब्धि से विद्यालय, परिवार और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है. 

जिला टॉपर सोनू का लक्ष्य डॉक्टर बनकर ग्रामीणों की सेवा करना

सरस्वती विद्या मंदिर तेलो के छात्र सोनू कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 488 अंक प्राप्त किए. उन्हें हिंदी में 96, अंग्रेजी में 97, गणित में 99, विज्ञान में 100 और संस्कृत में 96 अंक मिले हैं. उनकी इस सफलता पर विद्यालय के प्राचार्य राजेश कुमार पांडेय, सचिव संतोष कुमार सहित सभी शिक्षकों ने विद्यालय में मिठाई खिलाकर बधाई दी. इस मौके पर उनके पिता भुनेश्वर महतो और माता अनिता देवी भी उपस्थित रहे. सोनू ने बताया कि बचपन से ही उनका सपना चिकित्सक बनने का रहा है. वे आगे चलकर ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं देना चाहते हैं, क्योंकि आज भी गांवों में चिकित्सा सुविधाओं का अभाव है. उन्होंने कहा कि अब वे नीट परीक्षा की तैयारी में जुटेंगे और मेडिकल क्षेत्र में ही आगे बढ़ना चाहते हैं. 

नवमी में दूसरे स्थान के बाद और बढ़ाई मेहनत, मिला बड़ा परिणाम

सोनू ने बताया कि नवमी कक्षा की परीक्षा में भी उन्होंने विद्यालय में दूसरा स्थान प्राप्त किया था. इसके बाद उन्होंने पढ़ाई पर और अधिक ध्यान दिया, जिसका परिणाम मैट्रिक परीक्षा में जिला टॉपर बनकर सामने आया. वे राज्य स्तर की टॉप-10 सूची में भी शामिल हुए हैं और उन्हें राज्य में नवम स्थान प्राप्त हुआ है. 

साधारण कृषक परिवार से हैं सोनू, भाई कर रहा है बीटेक की पढ़ाई

सोनू एक साधारण कृषक परिवार से आते हैं. दो भाइयों में वे छोटे हैं. उनके बड़े भाई प्रकाश कुमार आईटीआई करने के बाद वर्तमान में बीटेक की पढ़ाई कर रहे हैं. उनके पिता भुनेश्वर महतो स्नातक तक शिक्षा प्राप्त करने के बाद कृषि कार्य के साथ गांव में इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान भी चलाते हैं, जबकि उनकी माता अनिता देवी गृहिणी हैं. सोनू की सफलता से पूरे गांव में खुशी का माहौल है. शिक्षिका वंदना झा, नीलम कुमारी तथा शिक्षक मंटू हजारी, संजय गिरि, हरिपद महतो, अश्विनी कुमार प्रमाणिक सहित कई लोगों ने उन्हें बधाई दी. 

आरती कुमारी ने तीसरा स्थान प्राप्त कर बढ़ाया क्षेत्र का गौरव

चंद्रपुरा प्रखंड के उच्च विद्यालय तारानारी की छात्रा आरती कुमारी ने 486 अंक प्राप्त कर जिले में तृतीय स्थान हासिल किया है. उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय, परिवार और पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है. आरती एक साधारण और आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से आती हैं. उनके पिता रोजगार के सिलसिले में कोडरमा में रहकर इलेक्ट्रिशियन का कार्य करते हैं, जबकि उनकी माता गांव में सहायिका के पद पर कार्यरत हैं. सीमित संसाधनों के बावजूद परिवार ने उनकी पढ़ाई में कभी कोई कमी नहीं आने दी.

इंजीनियर बनकर पिता का सपना पूरा करना चाहती हैं आरती

आरती ने अपनी सफलता का श्रेय अपने गुरुजनों और माता-पिता को दिया. उन्होंने बताया कि उनकी मां ने उन्हें घर के कामों से दूर रखकर पढ़ाई पर पूरा ध्यान देने का अवसर दिया. आरती का लक्ष्य इंजीनियर बनकर अपने पिता के सपनों को साकार करना है. उन्होंने कहा कि आगे भी वे पूरी मेहनत और लगन से पढ़ाई जारी रखेंगी.

इसे भी पढ़ें: ‘मुझे मेरे पति से मिलना है’ सुनते ही जल्लाद बन गया ससुर, लाठी से पीटकर बहू को किया अधमरा

इसे भी पढ़ें: लोहरदगा में दर्दनाक हादसा, इमली पेड़ की डाली काटते समय मजदूर की मौत

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Priya Gupta

प्रिया गुप्ता प्रभात खबर के लाइफस्टाइल बीट पर 1 साल से काम कर रही हैं. यहां वे हेल्थ, फैशन और भी ट्रेंड से जुड़ी आर्टिकल लिखती हैं. ये हर लेख को दिल से लिखती है, जो पाठकों को सिर्फ जानकारी नहीं, एक एहसास पहुंचा सकें.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >