त्योहारों के बीच SBI कर्मचारियों पर घर खाली करने की आफत, 30 सितंबर तक का समय

सेक्टर-5 स्थित एसबीआई बैंक कॉलोनी के कर्मचारियों को 30 सितंबर तक घर खाली करने का निर्देश, त्योहारों के बीच परिवारों के सामने आवास की बड़ी चुनौती.

सेक्टर-5 स्थित भारतीय स्टेट बैंक की बैंक कॉलोनी को ध्वस्त कर नये सिरे से विकसित करने की तैयारी शुरू हो गयी है. इसी क्रम में कॉलोनी के आवंटित क्वार्टरों को 30 सितंबर 2026 तक खाली करने का निर्देश दिया गया है.

बैंक के क्षेत्रीय व्यवसाय कार्यालय (आरबीओ), बोकारो की ओर से गत सात सितंबर को जारी पत्र के बाद कॉलोनी में रह रहे कर्मचारियों और उनके परिजनों के बीच नये आवास को लेकर चिंता बढ़ गयी है. आदेश जारी होने और अंतिम तिथि के बीच महज 23 दिन का समय है.

अधिकांश भवनों में अभी भी रहते हैं कर्मचारी व परिजन

जानकारी के अनुसार, सेक्टर-5 बैंक कॉलोनी परिसर में करीब नौ भवन हैं. एक-दो भवनों को छोड़ दें, तो अधिकांश भवनों में अभी भी कर्मचारी और उनके परिजन रह रहे हैं. एक भवन में करीब 12 क्वार्टर हैं, हालांकि सभी में परिवार नहीं रहते.

ये भी पढ़ें: बोकारो स्टील सिटी के सेक्टरों में आवारा कुत्तों का बढ़ता आतंक, बच्चों और राहगीरों की बढ़ी चिंता

किसी भवन में करीब 10 परिवार हैं, तो कहीं तीन-चार परिवार निवास कर रहे हैं. कई कर्मचारी परिवार लंबे समय से इन क्वार्टरों में रह रहे हैं. बच्चों की पढ़ाई समेत परिवार की रोजमर्रा की कई व्यवस्थाएं भी इसी क्षेत्र से जुड़ी हैं.

निजी सामान हटाकर देना होगा खाली क्वार्टर

बैंक ने आवंटियों को निर्देश दिया है कि क्वार्टर खाली करने से पहले अपना पूरा निजी सामान हटा लें. इसके बाद आवास को पूरी तरह खाली अवस्था में बैंक को सौंपना होगा. क्वार्टर का कब्जा देने के साथ उसकी चाबी आरबीओ बोकारो के संबंधित विभाग में जमा करनी होगी.

तीनों समय सुरक्षा गार्डों की तैनाती

कॉलोनी में सुरक्षा की नियमित व्यवस्था है और तीनों समय सुरक्षा गार्ड तैनात रहते हैं. इससे भी स्पष्ट है कि परिसर में अब तक आवासीय गतिविधियां जारी हैं. ऐसे में निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी क्वार्टरों को खाली कराना बैंक के लिए भी चुनौतीपूर्ण होगा.

त्योहार के मौसम में नया घर तलाशना मुश्किल

क्वार्टर खाली करने की समय सीमा ऐसे समय रखी गयी है, जब पूजा-पर्व का मौसम शुरू हो चुका है. त्योहारों के दौरान किराये के मकानों की मांग बढ़ने से कर्मचारियों के लिए कम समय में परिवार के अनुकूल आवास तलाशना आसान नहीं होगा. घर बदलने के साथ सामान स्थानांतरित करना, बच्चों की पढ़ाई और परिवार की अन्य व्यवस्थाओं को नये स्थान पर व्यवस्थित करना भी बड़ी चुनौती होगी.

30 सितंबर तक सभी क्वार्टर खाली होंगे?

बैंक ने पत्र में समय सीमा का कड़ाई से पालन करने का निर्देश दिया है. ऐसे में बड़ा सवाल है कि सेक्टर-5 बैंक कॉलोनी के करीब नौ भवनों में रह रहे सभी परिवार 30 सितंबर तक क्वार्टर खाली कर पाएंगे या नहीं.

ये भी पढ़ें: मोबाइल अपडेट के नाम पर साइबर ठगी, प्रवासी मजदूर दंपती के खातों से 48 हजार रुपये उड़ाये

योजना के तहत आवास खाली कराये जा रहे

बैंक कॉलोनी के ध्वस्तीकरण और पुनर्निर्माण की योजना के तहत आवास खाली कराने की प्रक्रिया शुरू की गयी है. हालांकि, नये भवनों का निर्माण कब शुरू होगा और वर्तमान आवंटियों के लिए आगे क्या व्यवस्था होगी, इस संबंध में जारी पत्र में विस्तृत जानकारी नहीं दी गयी है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Dharmanath kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >