बोकारो: उपायुक्त अजय नाथ झा ने सोमवार को चास नगर निगम के मेयर, डिप्टी मेयर और सभी वार्ड पार्षदों के साथ बैठक की. बैठक में चास नगर निगम क्षेत्र में नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने और आमजनों की समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर चर्चा की गयी. उपायुक्त ने वार्डवार समस्याओं और जरूरतों की जानकारी ली तथा समाधान को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया.
पेयजल, साफ-सफाई और प्रकाश व्यवस्था की होगी नियमित समीक्षा
उपायुक्त ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में मूलभूत नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए वार्डवार पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और साफ-सफाई की नियमित समीक्षा की जायेगी. जिन वार्डों में पेयजल की समस्या है, उनकी जानकारी एकत्र कर समाधान की दिशा में प्रभावी कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया. पेयजल व्यवस्था को लेकर अलग से समीक्षा बैठक आयोजित की जायेगी. उन्होंने साफ-सफाई व्यवस्था को दुरुस्त रखने और समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने को कहा.
खराब स्ट्रीट लाइट तीन दिनों में दुरुस्त करने का निर्देश
स्ट्रीट लाइट व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने लाइट इंस्पेक्टर का लॉगबुक संधारित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि दिन के समय खराब स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत करायी जाये और शाम के समय क्षेत्र भ्रमण कर प्रकाश व्यवस्था का निरीक्षण किया जाये. खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत तीन दिनों के अंदर कराने का निर्देश दिया गया.
सभी वार्डों में विकसित होगी मोहल्ला लाइब्रेरी
उपायुक्त ने बच्चों और युवाओं को पढ़ाई के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सभी वार्डों में मोहल्ला लाइब्रेरी विकसित करने का निर्देश दिया. इसके लिए प्रत्येक वार्ड में उपयुक्त स्थल चिन्हित करने को कहा गया. उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर उपलब्ध संसाधनों का उपयोग करते हुए ऐसे स्थान विकसित किये जाएं, जहां विद्यार्थी सुविधाजनक और शांत वातावरण में अध्ययन कर सकें.
स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों को लेकर निर्देश
उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस राष्ट्रीय पर्व है. इसे गरिमापूर्ण और बेहतर ढंग से मनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी की जाएं. उन्होंने नगर क्षेत्र में विशेष रूप से साफ-सफाई और प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
मेयर और पार्षदों ने रखीं क्षेत्र की समस्याएं
बैठक के दौरान मेयर भोलू पासवान, उप मेयर पूजा कुमारी समेत सभी वार्ड पार्षदों ने क्षेत्रवार समस्याओं और जरूरतों की जानकारी दी. उपायुक्त ने समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित पदाधिकारियों को समयबद्ध तरीके से समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
