Bokaro News: नौ प्रखंडों के 249 पंचायतों में आज से से 15 नवंबर तक विशेष कार्यक्रम का आयोजन

Bokaro News: उपायुक्त अजय नाथ झा ने सोमवार को झारखंड राज्य स्थापना दिवस समारोह के सफल व भव्य आयोजन को लेकर समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में प्रेस से बात की. डीसी ने बताया कि झारखंड राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में इस वर्ष झारखंड@25 की थीम पर कार्यक्रम आयोजित होगा. 11 से 15 नवंबर, 2025 तक जिला, प्रखंड व पंचायत स्तर पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन होगा. ऐसे में संबंधित अधिकारी व प्रखंड विकास पदाधिकारी व अंचलाधिकारी राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रम की तैयारियां सुनिश्चित कर ली गयी हैं. बताया कि इस दौरान जिले में परिसंपत्तियों का वितरण, सांस्कृतिक कार्यक्रम, खेलकूद व जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित होंगे.

उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि झारखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर झारखंड@25 की थीम पर जिले के विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में चित्रकला, कविता, भाषण एवं अन्य सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जायेगा. उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया जाएगा. साथ ही रक्तदान शिविर का आयोजन सभी सरकारी व गैर सरकारी अस्पतालों में आयोजित किया जाएगा. उन्होंने सोशल मीडिया कैंपेन से जुड़ी जानकारी देते हुए बताया कि सोशल मीडिया साइट्स पर झारखंड@25 हैशटैग के साथ पोस्ट किया जाएगा. इस दौरान उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, जिला खेल पदाधिकारी हेमलता बुन व अन्य मौजूद थे.

11 नवंबर : रन फॉर झारखंड का होगा आयोजन

11 नवंबर को रन फोर झारखंड होगा. इसके अलावे पंचायत स्तर पर प्रभात फेरी, विशेष ग्राम सभा, विशेष रोजगार दिवस व सभी प्रखंडों में झारखंड के 25 वर्ष पर परिचर्चा भी की जायेगी.

12 नवंबर : जिले के 2580 आवासों में कराया जाएगा गृह प्रवेश

12 नवंबर को “सुबह-ए-झारखंड ” चिह्नित स्थलों पर पारंपरिक नृत्य और पंचायत के प्रत्येक गांव में प्रातः 9:00 बजे से ग्राम सभा एवं पंचायत प्रतिनिधियों की उपस्थिति में “सबके लिए आवाज ” संकल्प सभा का आयोजन किया जाना है. इसके तहत अबुआ आवास योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण व अबुआ आवास योजना की स्वीकृत आवासों के लाभुकों को स्वीकृति पत्र वितरण किया जायेगा. सभी आवास योजनाओं के पूर्ण आवासों में समारोह पूर्वक गृह प्रवेश कराया जाएगा, जिसके तहत जिले के 2580 आवासों में जनप्रतिनिधि की उपस्थिति में गृह प्रवेश कराया जाएगा.

13 नवंबर : साइकिल रैली का आयोजन होगा

13 नवंबर को “नो योर टूरिस्ट पैलेस ” कार्यक्रम के अंतर्गत साइकिल रैली का आयोजन होगा. साथ ही प्रखंडों में जलछाजन रैली सह कलश यात्रा निकलेगी. साथ ही सभी प्रखंडों में जलछाजन विषय पर एक सेमिनार का भी आयोजन किया जाएगा.

14 नवंबर : पारंपरिक लोक नृत्य का होगा कार्यक्रम

14 नवंबर को पेटरवार प्रखंड में पारंपरिक लोक नृत्य व पारंपरिक पहनावा में जतारा का आयोजन किया जाएगा. स्कूलों में पेंटिंग प्रतियोगिता, वाद विवाद प्रतियोगिता का आयोजन भी किया जायेगा. साथ ही सामुदायिक प्रबंधन प्रशिक्षण केंद्र (सीएमटीसी) का उद्घाटन होगा. यह कार्यक्रम जेएसएलपीएस के द्वारा प्रखंडों में किया जाएगा.

15 नवंबर : मुख्य समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं में विजेताओं का होगा सम्मान

15 नवंबर को मुख्य समारोह आयोजित किया जायेगा, इसमें विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं व उत्कृष्ट प्रतिभागियों को सम्मानित किया जायेगा. साथ ही जिले के 109 पंचायत में गुरुजी पाठशाला तथा जिला राम रुद्र मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय परिषद में गुरुजी रात्रि पाठशाला (24×7) सह पुस्तकालय का उद्घाटन किया जायेगा.

मुख्यमंत्री झारखंड सरकार राज्य स्तरीय समारोह में करेंगे वन पट्टा वितरण

बोकारो. झारखंड राज्य स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री झारखंड सरकार राज्य स्तरीय समारोह के अवसर पर वन पट्टा वितरण करेंगे. इसके तहत बोकारो जिला के गोमिया प्रखंड के डाकासाड़म पंचायत में 666.80 एकड़ एवं पेटरवार प्रखंड के झुंझको, चलकरी दक्षिणी तथा रंगामाटी पंचायत में क्रमश 550.95 एकड़, 500 एकड़ व 305 एकड़ भूमि सामुदायिक वन पट्टा के तहत स्वीकृत किया गया है, जिन्हें मुख्यमंत्री द्वारा प्रमाण पत्र दिया जाएगा.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: MAYANK TIWARI

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >