अमलाबाद पुलिस ने बुधवार को भटककर पहुंची एक महिला को उसके परिजनों से मिलाया. महिला 24 अगस्त को अमलाबाद ओपी क्षेत्र में भटकती हुई मिली थी. पुलिस ने पूछताछ और जांच के बाद उसके परिजनों का पता लगाया और सत्यापन के उपरांत महिला को परिवार के सदस्यों को सौंप दिया.
पूछताछ में हुई महिला की पहचान
अमलाबाद ओपी प्रभारी कौशलेंद्र कुमार के अनुसार, महिला से पूछताछ करने पर उसने अपना नाम हेना और पति का नाम मोहम्मद सुलेमान बताया. जांच के दौरान महिला का पता गांव बारहट, थाना पलासी, जिला अररिया, बिहार के रूप में सामने आया.
परिजनों से संपर्क कर बुलाया गया
महिला की पहचान और पता मिलने के बाद पुलिस ने उसके परिजनों से संपर्क किया. इसके बाद परिजनों को अमलाबाद ओपी बुलाया गया. पुलिस ने आवश्यक सत्यापन और पहचान की प्रक्रिया पूरी करने के बाद महिला को उसके परिवार के सदस्यों के सुपुर्द कर दिया. महिला के परिजनों ने पुलिस के प्रति आभार जताया.
