सेक्टर वन श्रीराम मंदिर बाजार की चाय दुकान पर रविवार की देर रात जयराम (45 वर्ष) पर फायरिंग मामले में भुट्टू सिंह के सहयोगी रूपेश सिंह को बीएस सिटी पुलिस ने सोमवार की सुबह सेक्टर वन से गिरफ्तार किया. भुट्टू सिंह सहित अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है. इधर, बीजीएच में इलाजरत जयराम के बयान पर पुलिस ने रविवार की देर रात को ही प्राथमिकी दर्ज कर ली. गिरफ्तार रूपेश से पूछताछ की जा रही है.
सात लोगों को बनाया गया है आरोपी
जयराम ने पुलिस को बताया कि वह जमीन का काम करता है. पिंड्राजोरा में घोषाल परिवार से एक जमीन ली थी. विजय सिंह उर्फ भुट्टू सिंह इसमें रंगबाजी मांग रहा था. रविवार को जमीन पर विवाद भी हुआ. मैं पिंड्राजोरा थाना गया था, लेकिन मुझे गुरुवार को बुलाया गया. रात को राम मंदिर मार्केट में चाय पी रहा था. इसी दौरान तीन बाइक से सात लोग पहुंचे. भुट्टू सिंह ने देशी कट्टा निकाल कर गोली मार दी, जो मेरे पैर में लगी. मैं थाना की तरफ भागा तो भुट्टू के साथ आये दिनेश, फुसरो निवासी रूपेश सिंह, सेक्टर वन निवासी कमलेश यादव, रोहित कुमार व अज्ञात ने जानलेवा हमला का प्रयास किया. इधर, पिंड्राजोरा थाना प्रभारी रवि कुमार ने बताया कि मुझे इसकी जानकारी नहीं है. हो सकता है कि पहले से जमीन का मामला चल रहा हो. अनुसंधानकर्ता ने गुरुवार को बुलाया हो. जमीन को लेकर कोई स्पेशल सुनवाई गुरुवार को नहीं होती है.
